झारखंड में एनआरसी लागू होना चाहिए, घुसपैठिए दीमक की तरह हैंः अमित शाह

गोड्डा/रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उरी में सर्जिकल और बालाकोट में एयर स्ट्राइक कर आतंकियों को पाकिस्तान में घुस कर मारा। प्रधानमंत्री ने भारतीय सीमाओं को सुरक्षित किया है। सरकार ने बताया कि भारतीय सीमा में नापाक इरादों से घुसने का परिणाम क्या होता है। ये बातें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहीं। शाह मंगलवार को झारखंड के गोड्डा में जिला भाजपा कार्यकर्ता एवं बूथ स्तरीय तथा राजमहल व दुमका लोकसभा संसदीय क्षेत्र शक्ति केन्द्र सम्मेलन में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि राहुल बाबा बतायें गठबंधन का नेता कौन है। कांग्रेस व अन्य दल मिलकर गठबंधन कर करें हैं। राहुल बाबा गठबंधन की सरकार बनाने की अपील कर रहें हैं। राहुल यह भी बता दें कि इस गठबंधन का नेता कौन होगा। 10 साल तक 12 लाख करोड़ रुपये का घोटाला किया। अब स्थिर सरकार विकास कार्य कर रही है तो इन्हें पीड़ा हो रही है। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने झारखंड में पिछले 5 वर्षों में 55 हजार करोड़ से बढ़ाकर 3,12,280 करोड रुपये दिए हैं। आप एक बार फिर 2019 में मौका दें। भारत को सुपरपावर 5 साल में बनाया जाएगा। झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटें भारतीय जनता पार्टी को मिलनी चाहिए। यह राज्य और देश हित में जरूरी है। भारतीय जनता पार्टी वोट बैंक की राजनीति नहीं करती। उसके लिए देश की सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा रहा है। विपक्ष के नेतृत्व में गठबंधन की सरकार से कभी भी देश सही रास्ते पर नहीं जा सकता। विपक्ष के नेताओं ने स्वार्थ को देखते हुए गठबंधन बनाया है, जिससे कभी देश का भला नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद संभालने के बाद से आज तक कभी छुट्टियां नहीं ली। वह 18 घंटे तक लगातार काम करते हैं। आज देश की सरकार एक निर्णायक और संवेदनशील व्यक्तित्व के हाथों में है। सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने लोगों से पूछा कि देश में एनआरसी लागू होना चाहिए या नहीं? देश में घुसपैठियों की संख्या लगातार बढ़ी है, जो देश की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं। घुसपैठिए देश में दीमक की तरह हैं और विपक्ष चाहता है कि यह देश में बने रहे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार देश की सुरक्षा चाहती है। इस कारण एनआरसी को लागू करने की कोशिशें जारी हैं। इस अवसर पर मंत्री डॉ. लुईस मरांडी, मंत्री राज पलिवार, मंत्री रणधीर कुमार सिंह, गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे, सांसद लक्ष्मण गिलुआ, गोड्डा विधायक अमित मंडल, महगामा विधायक अशोक कुमार भगत सहित गोड्डा, राजमहल और दुमका लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
लोगों के सपनों का झारखंड प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बन रहा हैः रघुवर दास
शक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमकिता राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन है। इसके तहत नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में साढ़े चार वर्षों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं गांव, गरीब और नौजवानों को केंद्रित करते हुए चलाई जा रही हैं। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने हमें अलग राज्य दिया था। उनके और राज्य की सवा तीन करोड़ जनता के सपनों का झारखंड प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बन रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में संथाल परगना की सीटों के साथ राज्य की सभी 14 लोकसभा सीटें भाजपा जीतेगी। इस निश्चय को हम और आप मिलकर साकार करेंगे।

This post has already been read 7826 times!

Sharing this

Related posts