25 लाख की अफीम व डोडा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

खूंटी l अफीम तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को खूंटी-तमाड़ पथ पर एसएसबी हूंठ कैप के पास चलायी गयी एंटी क्राइम चैकिंग के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली है। पुलिस और एसएसबी की टीम ने लगभग दस किलो तैयार अफीम और 90 किलो डोडा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम और डोडे की बाजार में कीमत लगभग 25 लाख रुपये बतायी जाती है। तस्करों के पास से एक भरठुवा बंदूक, बंदूक की एक नली व एक पल्सर बाइक भी बरामद की गयी है। 
शनिवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी आलोक ने बताया कि शुक्रवार को उनके निर्देश पर जिला पुलिस और एसएसबी द्वारा हूंठ कैंप के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

उसी समय एक पल्सर बाइक पर सवार दो लोग तमाड़ से खूंटी की ओर आ रहे थे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया पर वे और तेजी से भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक किलोग्राम अफीम बरामद की गयी। पूछताछ करने पर दोनों ने अपना परिचय मुचीराय मुंडा (कोटामाटी, तमाड़निवासी) व एतवा मुंडा (चोपदलोर, तमाड़) के रूप में दिया। 
पकड़े गये लोगों ने पुलिस को बताया कि वे अफीम को मारंगहादा थाने के डांडेया गांव निवासी दुखन मुंडा और हंदुआ मुंडा को अफीम देने जा रहे थे। दोनों ने बताया कि वे पहले भी दो बार उन्हें अफीम दे चुके हैं। उनकी निशानेदही पर पुलिस ने डांडेया के हंदुआ मुंडा के घर पुलिस ने छामापारी की।

पुलिस को देखते ही हंदुआ भाग गया। पुलिस ने उसके पिता पंडेया मुंडा को गिरफ्तार कर लिया। उसके घर से चार किलो अफीम और एक भरठुव बंदूक व 40 किलो डोडा बरामद किया गया। 
पुलिस ने जब दुखन मुंडा के घर छापामारी की तो उसके घर से छह किलो अफीम और पचास किलो डोडा बरामद किया गया। हालांकि पुलिस दुखन को पकड़ नहीं पायी, पर पुलिस ने उसके घर से लाल सिंह मुंडा नामक अफीम तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। वह तमाड़ थाना के उकबेरा गांव का रहने वाला है। अफीम तस्करों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में खूंटी एसडीपीओ आशीष कुमार महली, एसएसबी हंठू के डिप्टी कमांडेंट अनुज कुमार ववीएस परिहार, इंस्पेक्टर भगवान प्रसाद, अड़की थाना प्रभारी विक्रांत कुमार, थाना प्रभारी मारंगहादा कामेश्वर प्रसाद, एसआइ गाजे सिंह और जिला बल व एसएसबी के जवान शामिल थे।

This post has already been read 6854 times!

Sharing this

Related posts