भ्रष्टाचार में लिप्त है भाजपा का पूरा कैबिनेट, सभी जाएंगे जेल : हेमंत सोरेन

रामगढ़ ।  झारखंड भाजपा का पूरा कैबिनेट भ्रष्टाचार में लिप्त है।    यहां जितने घोटाले हुए हैं, उसकी जांच अगर हो तो सभी मंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक जेल में होंगे। यह बातें रविवार को रामगढ़ में अपनी संघर्ष यात्रा के चौथे चरण के दौरान नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने कही।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सरकारी खजाने का दुरुपयोग किया है। वह जनता के पैसे को अपने राजनीतिक एजेंडे पर लुटा रही है। भाजपा सरकार ने जमीन से लेकर शराब तक में घोटाला किया।
झारखंड के मूल निवासियों और आदिवासियों को केवल छलने का काम किया है। यहां के लोगों की जमीन और पैसे भाजपाइयों को एक साजिश के तहत उपलब्ध कराये जा रहे हैं। अब समय आ गया है कि उन सारे मुद्दों का जवाब चुनाव में दिया जाएगा। मेरी संघर्ष यात्रा में जो बातें सामने आई हैं वह यही है कि भाजपा सरकार ने 4 साल तक सिर्फ झारखंड की धरती को चूसने का काम किया है।यहां के लोगों को कीड़े-मकोड़ों की तरह रखा है। अब यहां की जनता ने भाजपा के खिलाफ वोट देने का मन बना लिया है। किसानों और बेरोजगार युवक भी इस संघर्ष यात्रा में शामिल हुए हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा उन सभी के साथ हुए अन्याय को अपना हथियार बना चुकी है। अब कोई किसान न तो आत्महत्या करेगा और न ही झारखंड के युवा रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों में पलायन करेंगे। भाजपा सरकार ने 4 साल में न तो युवाओं को नौकरी ही दी है और न ही किसानों को उनका समर्थन मूल्य ही दिलाया है।अब यह अभियान भाजपा भगाओ-झारखंड बचाओ का है। अब इस अभियान को सफल बनाना जनता और हमारे कार्यकर्ताओं के हाथ में है। इस मौके पर हेमंत सोरेन ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

This post has already been read 6083 times!

Sharing this

Related posts