रामगढ़। भाजपा झारखंड के शहीदों के साथ लगातार खिलवाड़ कर रही है।उनके अस्तित्व को हमेशा ही पार्टी ने मजाक के तौर पर लिया है। झामुमो यह कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। यह बातें रविवार को अपनी संघर्ष यात्रा के चौथे चरण की शुरुआत करने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने रामगढ़ के चुटूपालू घाटी स्थित शहीद शेख भिखारी और टिकैत उमरांव सिंह के समाधि स्थल पर कही।
हेमंत ने कहा कि संघर्ष यात्रा के दौरान मैं कई शहीदों के घर भी गया और आज यहां आया हूं। उस स्थल को भी ऐतिहासिक स्थल के रूप में विकसित करूंगा। मैं शहीद अल्बर्ट एक्का के घर भी गया जहां 3 साल पहले भाजपा सरकार ने एक आधारशिला रखी थी कि उनके आवास पर एक प्रतिमा स्थापित की जाएगी, लेकिन आज तक वहां कुछ भी नहीं हुआ। उनके परिजनों की उपेक्षा हुई है। साथ ही शहीद की मिट्टी के साथ जो मजाक किया गया है उसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। भाजपा सरकार झारखंड के मूल निवासी और आदिवासियों को लगातार उपेक्षित करती आई है। आज चौथे चरण की संघर्ष यात्रा मैंने शुरू की है और मेरे जाने के बाद यहां के कार्यकर्ता इस यात्रा को प्रखंडों और गांव में पहुंचाएंगे।
This post has already been read 7568 times!