आजसू ने अपना स्टैंड भाजपा चुनाव प्रभारी के समक्ष रख दिया है : सुदेश महतो

रांची। आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि 14 नवम्बर को पार्टी अपना घोषणापत्र जारी करेगी। संगठन की सहयोगी भाजपा के साथ हम हैं। पार्टी की जो भी बात है, उसे भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी ओपी माथुर के समक्ष रख दिया गया है। मामला शीट शेयरिंग का नहीं है, बल्कि कई अन्य वैधानिक मामले हैं, जिन्हें ओपी माथुर के समक्ष रखा गया है। पार्टी ने भाजपा के समक्ष 19 सीटों पर चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश की है। इन सीटों पर पार्टी ने चुनाव लड़ने की तैयारी भी की है। 

महतो रविवार को आजसू संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी 11 नवम्बर को पहली सूची जारी करेगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से उनकी मुलाकात रविवार रात पौने 11 बजे होगी। जिसमें शीट शेयरिंग के अलावा वैधानिक मामलों पर बातचीत होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने भाजपा के समक्ष पहले 26 सीटों पर दावेदारी पेश की थी लेकिन अब 19 सीटों पर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि शीट शेयरिंग का कोई मामला नहीं है, जो जहां से मजबूत होगा, वह वहीं से लड़ेगा। लोहरदगा विधानसभा शीट के लिए पूर्व प्रत्याशी नीरू शांति भगत ने तैयारी की है। वह लोहरदगा की प्रभारी भी हैं। 11 नवम्बर को लोहरदगा में चूल्हा प्रमुख सम्मेलन का आयोजन किया गया है। सोमवार को वह लोहरदगा जायेंगे।

महतो ने कहा कि झारखंड के ऐसे विषय जो जनभावना के अनुरूप हैं, उसे पार्टी सड़क से लेकर सदन तक लाती रही है। इन सभी विषयों का एक दस्तावेज बनाया गया है, उसे कोई बदल नहीं सकता है। इनमें स्थानीय नीति, सीएनटी और एसपीटी एक्ट, विशेष राज्य का दर्जा सहित अन्य मामले हैं। हमारी कोशिश है कि एनडीए विधानसभा चुनाव 2019 में ज्यादा से ज्यादा सीटें लाये। मुख्यमंत्री का चेहरा पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में भाजपा से कोई बातचीत नहीं हुई है, यह भाजपा बतायेगी। स्थायी गठबंधन के लिए 2014 के विधानसभा चुनाव में आजसू ने कुर्बानी दी थी। झारखंड के मुद्दे पर आजसू विपक्ष से ज्यादा मुखर रही है। इससे पूर्व आजसू संसदीय बोर्ड की बैठक में गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, मंत्री रामचंद्र सहिस, प्रवक्ता देवशरण भगत सहित अन्य नेता मौजूद थे।

This post has already been read 6574 times!

Sharing this

Related posts