बोकारो में जैप के जवान ने खुद को मारी गोली, हालत गंभीर

बोकारो। बोकारो स्थित झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप) के जवान रोशन भेंगरा (आरक्षी संख्या- 160) ने अपने साथी की राइफल से खुद ही अपने पेट में गोली मार ली। बुधवार देर रात हुई इस घटना के बाद उसे आननफानन में बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन कर पेट में फंसी गोली तो निकाल दी गई लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी।
जैप-4 के समादेष्टा मधु कच्छप ने बताया कि जैप-4 स्थित शस्त्रागार में देर रात उसकी ड्यूटी थी। इस दौरान वह मैगजीन इंचार्ज से आर्म्स हैंडओवर लेना चाहते थे लेकिन उसके नशे की हालत में होने की वजह से हथियार नहीं दिया गया। कमांडेंट के अनुसार, वह अपने बिस्तर पर ही था लेकिन हथियार नहीं मिलने पर अचानक उसने अपने बगल में मौजूद एक अन्य जवान राधेश्याम सिंह की राइफल से खुद के पेट में गोली मार ली। आसपास सभी जवान भी मौजूद थे। गोली की आवाज सुनकर सब वहां दौड़े आए और तत्काल उसे बीजीएच ले जाया गया।
कमांडेंट ने बताया कि इसके पूर्व में भी नशे की हालत में रोशन घाघरा गोली चला चुका है। सिमडेगा जिले के पांगुर पिकेट में तैनाती के दौरान पिछले साल नवंबर में उसने कई चक्र गोलियां हवा में चला दी थी। इसके बाद से वह काफी दिनों तक निलंबित भी रहा था। कमांडेंट ने फिलहाल घटना का कारण बताने में असमर्थता व्यक्त की है।

This post has already been read 6780 times!

Sharing this

Related posts