रांची। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गोड्डा के पूर्व सांसद फुरकान अंसारी बुधवार को नई दिल्ली से रांची पहुंचे। वह गोड्डा लोकसभा सीट झारखंड विकास मोर्चा को दिये जाने के पार्टी के फैसले से नाराज हैं। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार का नाम लिए बगैर कहा कि एक साजिश के तहत गोड्डा सीट झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) को दिया गया है। छह महीने पहले से बात चल रही थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं को इस मामले में अंधेरे में रखा गया। उन्होंने कहा कि वह अभी पार्टी के साथ हैं। पार्टी के निर्णय पर अमल करेंगे। राजनीति में निराशा और हताश होने की गुंजाइश नहीं है। अंसारी ने कहा कि राजनीति फर्श से अर्श और अर्श से फर्श पर ले जाती है। उन्होंने कहा कि मोदी लहर में भी उन्हें पिछले चुनाव में काफी वोट मिले थे, लेकिन इस बार पार्टी के फैसले से आहत हैं।
This post has already been read 7040 times!