नेताओं के नामांकन के लिए शुभ रहा शुक्रवार

  • आजसू, भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया

रामगढ़। रामगढ़ और बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के लिए शुक्रवार शुभ दिन रहा। इस दिन आजसू, भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया।सबसे पहले रामगढ़ अनुमंडल कार्यालय में रामगढ़ विधानसभा के कद्दावर नेता गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी अपनी पत्नी सुनीता चौधरी का नामांकन कराने पहुंचे। अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार के समक्ष सुनीता चौधरी ने अपना नामांकन दर्ज कराया। नॉमिनेशन के बाद बाहर निकलते ही चंद्रप्रकाश चौधरी ने दावा किया कि रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सुनीता चौधरी की जीत सुनिश्चित है। आजसू उम्मीदवार सुनीता चौधरी ने कहा कि रामगढ़ जिले में जितना विकास हुआ है, उतना पूरे प्रदेश के किसी विधानसभा में नहीं हुआ है। कई इंजीनियरिंग कॉलेज इस बात का प्रमाण है। इसबार चुनाव जीतने के बाद आजसू का मुख्य एजेंडा मेडिकल कॉलेज खोलने का है। मौके पर उनके साथ भाजपा के बागी नेता और रामगढ़ के पूर्व विधायक शंकर चौधरी भी मौजूद थे।

इसके साथ ही आजसू से बड़कागांव क्षेत्र उम्मीदवार रोशन लाल चौधरी भी निशी पांडे के साथ अपना नामांकन पर्चा दाखिल करने पहुंचे। एलआरडीसी अनवर हुसैन की मौजूदगी में रोशन लाल चौधरी ने अपना नामांकन किया। मौके पर रोशन लाल चौधरी ने कहा कि बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में बदलाव की लहर चल रही है।

बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अंबा प्रसाद ने भी नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि बड़कागांव विधानसभा में पहले उनके पिता योगेंद्र साहू और फिर उनकी मां निर्मला देवी ने जनता का प्रतिनिधित्व किया है। जनता को न्याय दिलाने के लिए उनके माता-पिता ने जेल की हवा भी खाई है। इसबार जनता उन्हें ही चुनकर विधानसभा भेजेगी।

बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार लोकनाथ महतो ने भी अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। इस मौके पर उनके साथ भाजपा के कद्दावर नेता राकेश प्रसाद और राधेश्याम अग्रवाल मौजूद थे। लोकनाथ महतो ने कहा कि इसबार बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में भाजपा अपना परचम लहराएगी। केंद्र और राज्य सरकारों ने जितना विकास बड़कागांव में किया है, उतना आज तक किसी ने भी नहीं किया है। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र में सही मायने में भाजपा की डबल इंजन सरकार ही विकास की गंगोत्री बहा सकती है।

This post has already been read 6316 times!

Sharing this

Related posts