अन्नपूर्णा के भाजपा में शामिल होने की सूचना पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने लगाई मुहर

रांची ।  लोकसभा की चुनावी तपिश के बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को करारा झटका लगा है। राजद की झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी सोमवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रही हैं। राजद के पूर्व विधायक जनार्दन पासवान सहित कुछ अन्य नेताओं के साथ अन्नपूर्णा देवी के नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पहुंचने की ख़बर है। जहां वे भाजपा में शामिल होने की घोषणा करेंगी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सिंहभूम (चाईबासा) से पार्टी उम्मीदवार लक्ष्मण गिलुवा ने अन्नपूर्णा देवी के भाजपा में शामिल होने की ख़बर पर मुहर लगाई है। गिलुवा ने कहा कि अन्नपूर्णा देवी यादव समाज की बड़ी नेता हैं। उनके भाजपा में शामिल होने से यादवों का पूरा वोट भाजपा में सम्मिलित हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सोमवार को दिल्ली में अन्नपूर्णा देवी भाजपा का दामन थामेंगी। पार्टी में शामिल होने के बाद उनकी चुनावी सीट पर फैसला लिया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, सांसद महेश पोद्दार और संगठन महामंत्री धर्मपाल दिल्ली पहुंच गये हैं।
एक दिन पहले भूपेंद्र यादव के साथ रघुवर दास से मिली थीं अन्नपूर्णा देवी
रविवार देर शाम भाजपा नेता भूपेंद्र यादव के साथ राजद की प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंची थी। मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ मुलाकात और बातचीत के बाद अन्नपूर्णा देवी का भाजपा में शामिल होना तय हो गया था। हालांकि एक सप्ताह पहले से अन्नपूर्णा के भाजपा में शामिल होने की चर्चा थी लेकिन अन्नपूर्णा देवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका खंडन किया था। सूत्रों की मानें तो अन्नपूर्णा कल रविवार को ही भाजपा में शामिल हो जातीं लेकिन दिन शुभ नहीं होने के कारण उन्होंने एक दिन टालते हुए सोमवार का दिन ज्वाइनिंग के लिए तय किया।

This post has already been read 7409 times!

Sharing this

Related posts