प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस और एनसीपी पर बोला हमला, कहा- ‘राष्ट्रवादी महज नाम के हैं’

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के अहमदनगर में एक रैली के दौरान कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन पर जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में जहां किसानों को सम्मान योजना का लाभ दिलाने में अपनी सरकार की पीठ थपथपाई, वहीं एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शरद पवार की पार्टी का नाम राष्ट्रवादी केवल नाम के लिए ही है। वह जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रही है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए तुगलक रोड चुनावी घोटाले का भी आरोप लगाया। पीएम ने कहा कि 23 मई को देश में फिर से मोदी सरकार बनने वाली है। शुक्रवार को पीएम मोदी ने अहमदनगर में भाजपा उम्मीदवार सुजय विखे पाटिल के चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि 23 मई को फिर से मोदी सरकार दिल्ली की सत्ता पर काबिज होने जा रही है। सरकार के बनते ही किसान सम्मान निधि के जरिए किसानों को पैसा भेजने का काम तेज किया जाएगा। एनडीए ने इस बार बड़े संकल्प लिए हैं। 23 मई के बाद जब फिर मोदी सरकार आएगी तो उसके बाद पीएम किसान योजना में व्यापक बदलाव किया जाएगा। अभी पांच एकड़ से कम जमीनधारक किसानों को ही लाभ मिलता है। 23 मई के बाद देश के और महाराष्ट्र के सभी किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा। किसानों को 60 साल के बाद नियमित पेंशन दिए जाने का भी प्रबंध किया जाएगा। इस बारे में इससे पहले किसी ने सोचा नहीं था। पशुपालकों को भी किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ मिलेगा। मोदी ने शरद पवार पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि उनका क्या करेंगे, जिन्होंने वर्षों पहले देश की भावनाओं को समझना ही छोड़ दिया है। इस बार तो हद ही हो गई। कांग्रेस-एनसीपी ऐसे लोगों के साथ खड़ी है जो कह रहे हैं कि जम्मू-कश्मीर को भारत से अलग कर देंगे। अलग प्रधानमंत्री बना देंगे। कांग्रेस से कोई उम्मीद नहीं है, क्योंकि यह पाप उन्हीं की देन है, लेकिन शरद पवार को क्या हो गया है। आपने तो कांग्रेस छोड़ दी थी, कांग्रेस तोड़ दी थी। अब देश में दो प्रधानमंत्री की बात पर आप कब तक चुप रहेंगे? मोदी ने कहा, जिस कश्मीर के लिए देश के हजारों जवानों ने बलिदान दिया। क्या वह कश्मीर के टुकड़े होने देंगे। वह जम्मू-कश्मीर में अलग पीएम चाहने वालों के साथ हैं। शरद राव जी, आपकी पार्टी का नाम तो राष्ट्रवादी रखा है। क्या यह नाम जनता की आंख में धूल झोंकने के लिए रखा गया है। छत्रपति शिवाजी की धरती के होकर आपको नींद कैसे आ रही है? नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला करते हुए कहा कि पहले की सरकारें कमजोर थीं, कई बम विस्फ़ोट की घटनाएं हुई हैं। इन आतंकी हमलों में हमारे किसान, हमारे जवान मारे गए। आम जनता मारी जाती थी। पिछले पांच साल में हमारी सरकार में कोई बम विस्फोट नहीं हुए। उन्होंने कहा कि देश में दो-दो प्रधान मंत्री बनाने वालों के साथ गठबंधन किया जा रहा है। देश के टुकड़े करने वाली गैंग को समर्थन दिया जा रहा है। अगले पांच साल में ठोस निर्णय लेनेवाली मजबूत सरकार बनेगी, मजबूर सरकार की जरूरत नहीं है। देश को ईमानदार और नैतिकतावादी चौकीदार की जरूरत है। भ्रष्टाचारी नामदारों की सरकार की जरूरत नहीं है।

This post has already been read 12490 times!

Sharing this

Related posts