आरक्षण के नाम पर जनता को भ्रमित कर रहा है विपक्ष: भाजपा

चंदवा /रांची । भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि विपक्ष के पास आज चुनाव के लिए कोई मुद्दा नहींं है और वह आरक्षण के नाम पर जनता को दिग्भ्रमित कर रही है। शाहदेव चतरा लोकसभा सीट के अंतर्गत चंदवा में गुरुवार को भाजपा के चुनाव कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। 
इस मौके पर उन्होंने कहा कि विपक्ष वोट लेने के लिए जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहा है। लालू परिवार और सोरेन परिवार ने कई एकड़ गरीब और असहाय लोगों की जमीन हड़प ली है। कई एकड़ अवैध रूप से हड़पने वाले आज आमजनों को बरगलाने का काम कर रहे है।
शाहदेव ने कहा कि यह सब लोग जानते हैं कि लालू परिवार ने शॉपिंग मॉल और शेल कंपनियों के जरिए अरबों रुपये की गैर कानूनी संपत्ति अर्जित की है। इसी तरह से झारखंड में सोरेन परिवार ने भी आदिवासियों से ज़मीन ठग कर अरबों की संपत्ति अर्जित की है। करोड़ों-अरबों की संपत्ति अर्जित करने वाले आज भाजपा पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं कि भाजपा सरकार आई तो आदिवासियों की जमीन ले ली जाएगी। 
आरक्षण के मुद्दे पर शाहदेव ने कहा कि आरक्षण के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा आरक्षण व्यवस्था आगे भी बहाल रहेगी। चुनावी समर के संबंध में कहा कि भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है, आज विपक्ष के पास जनता के पास जाने के लिए मुद्दे ही नहीं बचे है। संगठन की मेहनत का फल 23 मई को पूरा देश देखेगा। पत्रकार वार्ता में भाजपा नेता नीलम देवी ने कहा कि भाजपा ही देश और राज्य का भला कर सकती है। पूरा देश मोदी के रंग में रंग गया है। इस मौके पर रामवृक्ष चौधरी व अमित गुप्ता समेत कई लोग मौजूद थे।

This post has already been read 5651 times!

Sharing this

Related posts