लोकतंत्र के हित में कई नेताओं का जीतना जरूरी : प्रवीण सिंह

रांची। झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के पूर्व महासचिव प्रवीण सिंह ने कहा कि आज की राजनीति बहुत गंदी हो चुकी है। आज सेना की वर्दी छोड़ सभी वर्दी गंदे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि खादी की बात की जाये, तो वह भी गंदा हो चुका है। सिंह शुक्रवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इसी गंदगी को साफ करने के लिए वह एक बार फिर से राजनीति में सक्रिय हो गये हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए झाविमो अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) अध्यक्ष शिबू सोरेन और भाजपा नेता अर्जुन मुंडा का चुनाव जीतना बेहद जरूरी है। हालांकि उन्होंने इस बात को राजनीतिक मुद्दा न बनाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि पहले राजनीति में नीचे से बात उपर तक जाती थी। लेकिन आज उपर से नीचे आती है। दिसम्बर 2015 को उन्होंने पार्टी के महासचिव के पद से इस्तीफा दे दिया था। लेकिन पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा नहीं दिया था। जिसके बाद वह चार वर्ष तक राजनीति से दूर रहे। उन्होंने कहा कि एक दिन पूर्व पार्टी अध्यक्ष बाबूलाल से मेरी बात हुई और मैने कहा कि एक बार फिर में राजनीति में सक्रिय होना चाहता हूं, तो उन्होंने कहा कि ठीक है। सिंह ने कहा कि झारखंड प्रकृति केंद्रित राज्य है, यह लोगों को समझना होगा। झारखंड के परिप्रेक्ष्य में बाबूलाल मरांडी अच्छे हैं। चुनाव में उनकी भूमिका के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि चतरा, कोडरमा, लोहरदगा और पलामू में वह उपयोगी हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि मैं 1980 से राजनीति में सक्रिय रहा हूं। लोकतांत्रिक चीजों को बचाया जाये, विपक्ष मजबूत रहे और सक्रिय रहे।

This post has already been read 8505 times!

Sharing this

Related posts