राज्य की सभी लोकसभा सीटों पर भ्रष्टाचारियों की जब्त होगी जमानत: रघुवर दास

  • रांची में भाजपा उम्मीदवार संजय सेठ का नामांकन कराने पहुंचे मुख्यमंत्री

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दावा करते हुए कहा कि रांची सहित राज्य की 14 लोकसभा सीटों पर सभी भ्रष्टाचारियों की जमानत जब्त होगी। दास रांची लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार संजय सेठ का नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मंगलवार कोे उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भाजपा एवं राजग गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत होगी। हर तरफ मोदी की लहर है। देश और झारखंड का विकास भाजपा के कार्यकाल में काफी तेज गति से हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने वोट बैंक की राजनीति कभी नहीं की है। देश और राज्य में विकास की धारा बह रही है। रांची का सर्वांगीण विकास हो रहा है। पेयजल, सड़क और स्वास्थ्य के क्षेत्रों में काम जारी है। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि 55 करोड़ रुपये से रांची में हज हाउस का निर्माण किया जा रहा है, जो देश में अव्वल होगा। इसके अलावा 162 करोड़ रुपये से रवीन्द्र भवन का निर्माण होना है। बिरसा स्मृति भवन के लिए प्रधानमंत्री ने 25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने लाल किले से पहली बार झारखंड के वीर सपूतों का नाम लिया है। शहीदों के सम्मान में बिरसा स्मृति पार्क बन रहा है, जहां शहीद अल्बर्ट एक्का से लेकर पुलवामा में शहीद हुए विजय सोय की प्रतिमा लगेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 55 साल तक कांग्रेसियों ने देश को लूटा है, झारखंड में भी कोयला घोटाला किया। मुख्यमंत्री ने विपक्षी गठबंधन पर कहा कि सुबह गांठ बनती है और शाम को खुल जाती है, यह कैसा गठबंधन है। रामटहल चौधरी पर पूछे गए एक सवाल पर उन्होंने कहा कि वह हमारे पूजनीय हैं, आज भी हमारे साथ हैं और कल भी रहेंगे।

This post has already been read 7816 times!

Sharing this

Related posts