
रांची। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि कांग्रेस का कारवां बढ़ता जा रहा है। सामाजिक संगठनों के नेताओं, कार्यकर्ताओं को सरकार द्वारा अपमानित किया जा रहा है।
सहाय रविवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार के खिलाफ पूरे झारखंड में आक्रोश है। आदिवासी, पिछड़े, अल्पसंख्यक समुदायों पर लगातार हमले हो रहे हैं। भाजपा को परास्त करने के लिए सभी साथियों की आवश्यकता है। मिलन समारोह में लोक जनशक्ति पार्टी के पदाधिकारियों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व संसदीय बोर्ड के सचिव तथा लोक जनशक्ति पार्टी के महासचिव सह प्रवक्ता जय किशन राम, पूर्व प्रदेश महासचिव प्रेम प्रकाश भेंगरा, पूर्व लोजपा के प्रदेश महिला अध्यक्ष प्रेमलता तिग्गा, पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष ओसी मिंज, गुलमा जिलाध्यक्ष ललित एक्का, पूर्व मुखिया सिलवंती तिग्गा, सोनाली लकड़ा, मुक्ती लकड़ा, मरियम देवी सहित कई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस उम्मीदवार सुबोधकांत सहाय ने इन नेताओं को माला पहनाकर स्वागत किया।
कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वाले लोजपा के प्रवक्ता जयकिशन राम एवं महासचिव प्रेम प्रकाश भेंगरा ने कहा कि राहुल गांधी की नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि रांची लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार सुबोधकांत सहाय को विजय दिलाना हमारा लक्ष्य है। इस अवसर पर कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा, सुधीर सिंह, राजीव प्रकाश चौघरी, आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. एम तौसीफ आदि उपस्थित थे।
This post has already been read 9590 times!