भाजपा ने विपक्षी गठबंधन पर साधा निशाना, कहा-घटक दलों का एजेंडा अबतक स्पष्ट नहीं

रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विपक्षी गठबंधन के घटक दलों पर निशाना साधा है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने रविवार को कहा कि गठबंधन के घटक दलों का अबतक न तो एजेंडा स्पष्ट है और न ही बताया कि कांग्रेस के अलगाववादियों के प्रति नर्म रुख का समर्थन करते हैं या नहीं। 
शाहदेव ने झारखंड में गठबंधन के घटक दलों की नीति और एजेंडा अभीतक स्पष्ट नहीं है। ऐसा प्रतीत होता है कि यह गठबंधन सिर्फ सत्ता प्राप्ति कर घोटालों के लिए बना है। गठबंधन के घटक दलों ने एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार खड़ा करके, यह ज़ाहिर कर दिया है कि उनका एक-दूसरे के प्रति विश्वास नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा जानना चाहती है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा, झारखंड विकास मोर्चा, राजद और कम्युनिस्ट पार्टियों का जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को दिए विशेष अधिकारों को हटाने के कांग्रेस के घोषणापत्र में किए गए वायदे का वो समर्थन करते हैं या नहीं। शाहदेव ने कहा कि जनता यह भी जानना चाहती है झारखंड विकास मोर्चा, झारखंड मुक्ति मोर्चा, राजद के नेता कांग्रेस के मेनिफेस्टो में देशद्रोह की धारा को हटाने के साथ हैं या नहीं। गठबंधन के घटक दलों को यह स्पष्ट करना चाहिए कि जब उग्रवादी 15 अगस्त, 26 जनवरी को तिरंगा की जगह काला झंडा फहराते हैं तो उन पर देशद्रोह की कड़ी धारा लगनी चाहिए या नहीं। जब देशद्रोही भारत के खिलाफ नारे लगाते हैं तो उन पर देशद्रोह की धारा लगनी चाहिए या नहीं। उन्होंने कहा कि झारखंड में गठबंधन के घटक दलों द्वारा इस मुद्दे पर चुप्पी से ऐसा प्रतीत होता है कि वो कांग्रेस के अलगाववादियों के प्रति सॉफ्ट नीति का समर्थन करते हैं। जनता उग्रवादियों और अलगाववादियों की भाषा बोलने वाले दलों को कभी माफ नहीं करेगी।

This post has already been read 7117 times!

Sharing this

Related posts