कांग्रेस- झामुमो ने मुख्यमंत्री के बार-बार चाईबासा आने को बताया चुनावी दौरा

चाईबासा कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने मुख्यमंत्री के बार-बार चाईबासा आने को चुनावी दौरा बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार की चुनाव के समय लोकलुभावन घोषणाएं और योजनाएं चुनावी जुमला भर हैं। शुक्रवार को  चक्रधरपुर के विधायक शशिभूषण सामड ने चाईबासा में 24 अगस्त को सीएम रघुवर दास के दौरे को लेकर तंज कसा है। सामड ने कहा कि चक्रधरपुर में बाढ़ आकर लोगों को तबाह और बर्बाद कर दिया है लेकिन सीएम बाढ़ पीड़ितों के दुखती रग पर हाथ रखना छोड़ विकास मेला का ढकोसला दिखाने आ रहे हैं। अब चुनाव सामने है तो सीएम लगातार पश्चिम सिंहभूम जिले का चक्कर काट रहे हैं। भाजपा की स्थिति पश्चिम सिंहभूम में दयनीय है। सामड ने बताया कि संजय नदी में आई बाढ़ में सैकड़ों लोग बेघर हो चुके हैं। उनके रहने खाने के लिए सरकार द्वारा उचित व्यवस्था नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीएम के बार बार चाईबासा आने के कारण सरकारी अधिकारी और कर्मचारी केवल सीएम की तैयारी में लगे हैं। अब तक सरकार ने बाढ़ पीड़ितों के लिए मुआवजे तक की घोषणा नहीं की है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री रघुवर दास और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान चाईबासा में आयोजित कोल्हान प्रमंडल उज्ज्वला दीदी के सम्मेलन में शामिल होंगे। कोल्हान के उज्ज्वला दीदियों को दूसरा सिलेंडर देने की योजना का शुभारंभ भी करेंगे।

This post has already been read 10422 times!

Sharing this

Related posts