हजारीबाग : हजारीबाग में भाजपा का जल शक्ति अभियान रविवार से शुरू हुआ। सांसद जयंत सिन्हा ने इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्वर्ण जयंती पार्क में सांसद जयंत सिन्हा के अलावा सदर विधायक मनीष जायसवाल, महापौर रोशनी तिर्की, उप महापौर राजकुमार लाल, उपायुक्त डॉ. भुवनेश प्रताप सिंह आदि ने पौधारोपण किया। इस मौके पर सांसद सिन्हा ने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान को सामाजिक आंदोलन बनाने का काम किया गया है, उसी प्रकार जल शक्ति अभियान को सहयोग देकर इसे भी मुकाम तक पहुंचाना है। आम सहभागिता से जल संरक्षण के उद्देश्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि झारखंड में 1800 मिली मीटर बारिश होती है। इसके संचयन से हर नल को जल और हर खेत को पानी पहुंचाया जा सकता है।सदर विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि जल है तो कल है और जल ही जीवन है। जिस प्रकार पूर्वजों ने हमारे लिए जल का संचयन किया उसी प्रकार हमें भी आने वाली पीढ़ियों के लिए जल बचाकर रखना है। इसके लिए कार्य करने की जरूरत है। कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. भुवनेश प्रताप सिंह ने लोगों को जल संचयन को लेकर शपथ दिलाई।
This post has already been read 7006 times!