भाजपा ने जारी किया कोल्हान के विकास का रिपोर्ट कार्ड

रांची । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चाईबासा में जनसभा से पहले भाजपा ने कोल्हान के विकास का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। रविवार को प्रदेश कार्यालय में प्रेस से बातचीत में प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से कोल्हान विकास की मुख्यधारा से जुड़ गया।

श्री शाहदेव ने कोल्हान क्षेत्र के अंतर्गत जमशेदपुर और सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का विवरण पेश किया। उन्होंने बताया कि पिछले 5 वर्षों में 1,600 करोड़ रुपयों की लागत से 832 किलोमीटर सड़क का निर्माण क्षेत्र में हुआ है। जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र में 1,215 करोड़ की लागत से एनएच 33 में महुलिया-बहरागोरा मार्ग के 121 किलोमीटर का सुदृढ़ीकरण कार्य चल रहा है। पश्चिम सिंहभूम में एनएच 75 पर हाट गम्हरिया-जैतगढ़ की मरमत और चौड़ा करने का काम 146 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा है।

श्री शाहदेव ने कहा कि तकनीकी और कानूनी परेशानियों के बाद मार्च 2019 से 18 महीने में टाटा-रांची हाईवे को पूरा कर लिया जाएगा। एक ओर चाईबासा में 300 बेड के हॉस्पिटल मेडिकल कॉलेज का निर्माण जारी है, वहीं टाटा में MGM में 500 बेड के हॉस्पिटल का निर्माण भी जारी है। दोनों लोकसभा क्षेत्रों में 2,200 युवाओं को कौशल विकास के अंतर्गत रोजगार दिया जा चुका है। कोल्हान में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के अंतर्गत 8 ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं की शुरुआत कर लाखों ग्रामीणों के घरों में पेयजल पहुंचाया जा रहा है।

श्री शाहदेव ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के 16,589 परिवारों को अपना घर मिला है। बाबा साहेब योजना के अंतर्गत 299 परिवारों, बिरसा आवास योजना के अंतर्गत 543 परिवारों को और इंदिरा आवास योजना के अंतर्गत 14,455 परिवारों को आवास उपलब्ध कराया गया। जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र में दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 5 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 29 उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण जारी है।

सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 9,611 लोगों को आवास, बाबासाहेब योजना के अंतर्गत 288 लोगों का आवास, इंदिरा आवास के अंतर्गत 14,027 लोगों का आवास, विरसा आवास योजना के अंतर्गत 526 लोगों को आवास मुहैया कराया गया है। कोल्हान क्षेत्र के इन दोनों लोकसभा क्षेत्रों में सखी मंडल के अंतर्गत 3:5 लाख बहनों को स्वरोजगार से जोड़कर स्वावलम्बी बनाया गया। मौके पर पूर्व प्रदेश प्रवक्ता श्री प्रेम मित्तल भी उपस्थित थे।

This post has already been read 7619 times!

Sharing this

Related posts