322 जवानों ने देश पर सर्वस्व लुटाने की खाई कसम

रामगढ़। जिले के पंजाब रेजीमेंटल सेंटर में शुक्रवार की सुबह शानदार कसम परेड का आयोजन किया गया। इस कसम परेड में 322 नव प्रशिक्षित जवानों ने देश पर सर्वस्व न्योछावर करने की कसमें खाईं। पीआरसी के किला हरी ड्रिल स्क्वायर में आयोजित कार्यक्रम में 9 महीने तक कठिन प्रशिक्षण प्राप्त किए 322 जवानों ने आकर्षक परेड का आयोजन किया। सभी जवानों ने मिलिट्री बैंड द्वारा बजाए गए धुन “कदम कदम बढ़ाए जा” के साथ अंतिम पद की ओर प्रस्थान किया। मौके पर ब्रिगेडियर संजीव सोनी ने परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। मौके पर ब्रिगेडियर ने जवानों को प्रशिक्षण पूरा होने पर बधाई दी और भविष्य में आने वाली चुनौतियों से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने सभी को एकजुट होकर कठिन परिश्रम, वफादारी और इमानदारी के साथ काम करते हुए भारतीय सेना को गौरवान्वित करने पर जोर दिया। इस मौके पर उन्होंने सैन्य प्रशिक्षण के दौरान अव्वल दर्जे का प्रदर्शन करने वाले नव जवानों को मेडल तथा पुरस्कार भी प्रदान किया। कसम परेड में पंजाब रेजिमेंटल सेंटर के सभी अधिकारी, जेसीओस के साथ आर्मी पब्लिक स्कूल और केंद्रीय विद्यालय के छात्र भी मौजूद थे।

This post has already been read 6757 times!

Sharing this

Related posts