झारखंड की 4 लोकसभा सीटों पर चुनाव की अधिसूचना जारी

रांची। राज्य की चार लोकसभा सीटों पर चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके साथ ही झारखंड में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित तीन एवं अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित एक लोकसभा सीट के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई। 25 अप्रैल तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 26 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 29 अप्रैल है। नामांकन दाखिल कर चुके लोग अगर नाम वापस लेना चाहें, तो इस तारीख तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।झारखंड में 4 लोकसभा सीटों पर 13 मई को मतदान होगा। उस समय पूरे देश में चौथे चरण का मतदान चल रहा होगा। राज्य की 4 लोकसभा सीटों पर वोट होना है, जिसमें सिंहभूम (एसटी), खूंटी (एसटी), लोहरदगा (एसटी) और पलामू (एससी) लोकसभा शामिल हैं।
सिंहभूम (एसटी) लोकसभा सीट से भाजपा ने मधु कोड़ा की पत्नी और पूर्व कांग्रेस सांसद गीता कोड़ा को चुनाव मैदान में उतारा है। उनके मुकाबले इंडी गठबंधन से झामुमो ने जोबा मांझी को अपना उम्मीदवार बनाया है। इन दोनों के बीच में चित्रसेन सिंकू भी चुनाव लड़ रहे हैं।
खूंटी (एसटी) सीट से भाजपा ने एक बार फिर अर्जुन मुंडा को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने पिछले बार के उम्मीदवार कालीचरण मुंडा को ही मैदान में अर्जुन मुंडा के मुकाबले उतारा है। मुंडा ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में बहुत कम अंतर से कालीचरण मुंडा को पराजित किया था।
लोहरदगा (एसटी) सीट पर भाजपा ने समीर उरांव को अपना उम्मीदवार बनाया है, तो कांग्रेस पार्टी ने सुखदेव भगत को टिकट दिया है। वहीं, पलामू (एससी) संसदीय सीट पर भाजपा ने लगातार दो बार से चुनाव जीत रहे पूर्व आईपीएस ऑफिसर वीडी राम को टिकट दिया है। विपक्षी गठबंधन की ओर से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने ममता भुइयां को टिकट दिया है। सिंहभूम (एसटी) लोकसभा सीट पर पिछली बार गीता कोड़ा ने कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की थी। इस बार वह भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं हैं। बाकी तीन लोकसभा सीटों खूंटी (एसटी), लोहरदगा (एसटी) और पलामू (एससी) पर भाजपा के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी।

This post has already been read 609 times!

Sharing this

Related posts