लातेहार/रांची। झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा में दो फरवरी को होने वाले तीन लोकसभा सीटों की क्लस्टर बैठक की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू चंदवा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बैठक की तैयारियों की समीक्षा की। आदित्य साहू के साथ भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, जिला अध्यक्ष लाल अमित नाथ शाहदेव, राजकुमार साहू, अमित कुमार सूरज चौरसिया ,मनोज कुमार साहू भी थे। प्रतुल शाहदेव ने बताया कि दो फरवरी को चंदवा में पलामू, चतरा और लोहरदगा लोकसभा सीटों के कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। इसमें लगभग 20 हजार कार्यकर्ताओं के भाग लेने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि चतरा लोकसभा से बूथ स्तर के कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। जबकि पलामू और लोहरदगा के पंचायत स्तर के कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस सम्मेलन के साथ तीनों लोकसभा सीटों में लोकसभा चुनाव के अभियान का शंखनाद हो जाएगा। सम्मेलन में मुख्यमंत्री रघुवर दास खुद शरीक होंगे। इसके अतिरिक्त प्रदेश का शीर्ष नेतृत्व, इस क्षेत्र के सभी सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी आदि भी शामिल होंगे।
This post has already been read 7693 times!