संदिग्ध हालत में बंद कमरे में मिला वनरक्षी, इलाज के दौरान अस्पताल में मौत

  • दो बच्चों के साथ पत्नी गायब, मृतक के छोटे भाई ने लगाया हत्या का आरोप
  • मूल रूप से कोडरमा का रहने वाला था वनरक्षी अरविंद कुमार श्रीवास्तव

गिरिडीह। गिरिडीह जिले के पीरटांड थाना क्षेत्र के चिरकी में शुक्रवार को बंद कमरे में संदिग्ध स्थिति में मिले वनरक्षी अरविंद कुमार श्रीवास्तव (40) की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक की पत्नी दो बच्चों के साथ गायब है। घटना की जानकारी के बाद पहुंचे मृतक के छोटे भाई उपकार श्रीवास्तव ने हत्या का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया। थाना प्रभारी ने कहा कि प्रथम दृष्ट्या मामला संदिग्ध है। मृतक की पत्नी और बच्चों की तलाश की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद अरविंद की मौत का कारण स्पष्ट हो जायेगा। अरविंद कोडरमा के तिलैया थाना क्षेत्र स्थित इनरवा बस्ती का निवासी था। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ चिरकी नर्सरी स्थित क्वार्टर में रहता था। शुक्रवार सुबह देर तक नहीं उठने पर पड़ोसी ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। काफी आवाज लगायी पर कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने रेंजर विश्वनाथ प्रसाद को फोन कर जानकारी दी। रेंजर ने इसकी जानकारी पीरटांड पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पीरटांड थाना प्रभारी उपेंद्र राय घर का ताला तोड़कर अंदर पहुंचे। अंदर अरविंद गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा था। उसके हाथ और पैर बंधे थे। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। इसके बाद पुलिस ने अरविंद को सदर अस्पताल भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे मृतक के छोटे भाई उपकार श्रीवास्तव ने कहा कि उसके बड़े भाई अरविंद की मौत स्वाभाविक नहीं है। उनकी हत्या की गई है। वे यहां पिछले 28 साल से रह रहे थे। उनकी पत्नी और दो बेटे भी साथ रहते थे। बड़ा बेटा छह साल और छोटा एक साल का है। अरविंद यहां पत्नी और दो बेटों के साथ रहते थे।

This post has already been read 7761 times!

Sharing this

Related posts