रांची। हूल दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीर सिदो कान्हू, चांद भैरव और वीरांगना फूलो झानो के साथ ही झारखंड उलगुलान के नायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को मन की बात में याद किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में झारखंड के वीर सपूतों का अमूल्य योगदान रहा है।
प्रधानमंत्री के मन की बात सुनने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि अंग्रेजों के शोषण और गरीबी के खिलाफ शंखनाद इसी धरा से हुई थी । वीर सिदो कान्हू, चांद भैरव और वीरांगना फूलो झानो ने इस आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति दी थी। शीश नवाकर मैं उनका नमन करता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जल संचयन और प्रबंधन पर बल दिया है । यह समय की मांग है। जल संचयन और प्रबंधन के लिए जागरूकता जरूरी है। 7 जुलाई से इस दिशा में अभियान चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव, सचिव सभी लोग जल संचयन और प्रबंधन की दिशा में श्रमदान करेंगे। राज्य के लोगों को इस दिशा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सभी मुखिया को इस संबधं में पत्र लिखा है और इसका प्रभाव दिखना शुरू हो गया है। हजारीबाग समेत राज्य के अन्य जिलों में जल प्रबंधन और संचयन के लिए कार्य आरंभ हो चुके हैं। यह शुभ संकेत है।
किसानों ने दिखाई अपनी क्षमता, सरकार ने किया सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े 4 सालों में झारखंड सरकार ने जल प्रबंधन के लिए तालाबों की खुदाई और जीर्णोद्धार किया। इसका भरपूर उपयोग राज्य के किसानों ने किया और अपनी पूरी क्षमता का प्रदर्शन करते हुए 2014 की कृषि विकास दर माइनस 4% को बढ़ा कर प्लस 14% कर दिया।
This post has already been read 6978 times!