खूंटी। मुरहू थाना क्षेत्र के हठगोवा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोलीबारी में एक महिला भी घायल हुई है, जिसे रिम्स रांची भेजा गया है। घटना सोमवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे की है। मृतकों में कुदा पंचायत की मुखिया राधा मुंडू के पिता मागो मुंडा, भाई लिपराय मुंडा और मां लखमनी मुंडू शामिल हैं। हत्या की सुई नक्सली संगठन पीएलएफआई की ओर इशारा कर रही है। मागो मुंडा प्रखंड बीस सूत्री कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष भी था। घटना की सूचना मिलने पर एसपी आलोक, एसडीपीओ आशीष कुमार महली सहित कई पुुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रात लगभग साढ़े नौ बजे आठ-दस की संख्या में पीएलएफआई उग्रवादी मुखिया राधा मुंडू के घर पहुंचे और घर में सो रहे लोगों को आवाज देकर उठाया। मुखिया के पिता मागो मुंडा ने जैसे ही दरवाजा खोला, उग्रवादियो ने उन्हें गोली मार दी। बाद में उन्होंने मागो की पत्नी सुखमनी, भाई लिपराय और नौरी मुुडू को भी गोली मार दी। मुखिया राधा मुंडू ने छिप कर किसी तरह अपनी जान बचाई। घायल नौरी की स्थिति गंभीर बनी हुई है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
This post has already been read 6831 times!