पहली बार वोट दे रहे युवाओं में दिखा उत्साह, बढ़ चढ़कर लिया हिस्सा

रांची: देश के पांचवा और झारखंड में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में रांची, खूंटी, हजारीबाग और कोडरमा में वोट डाले जा रहे हैं। इस दौरान विभिन्न जिलों के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतार देखी जा रही है। मतदाता कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। इधर पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं में गजब का उत्साह दिख रहा है। युवा वोट जो पहली बार वोट दे रहे हैं, वह सुबह से ही कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। वहीं बुंडू के दारूआडा में मतदान केंद्र संख्या 226 में पहली बार वोट डाल रहे शैलेन्द्र कुमार में खुशी का माहौल दिखा। उन्होंने कहा कि वह पहली बार वोट दे रहे हैं। शैलेन्द्र ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए सभी को वोट देना चाहिए। मतदान के दिन सभी को सबसे पहले वोट देकर, उसके बाद अपना काम करना चाहिए। वहीं रांची के कोकर स्थित जगरानी स्कूल में मतदान केंद्र संख्या 423 में वोट देने आये गितिल कोचा के गौतम कुमार ने कहा कि उन्होंने पहली बार वोट डाला और उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि वोट देना हमारा अधिकार है। सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। ताकि लोकतंत्र मजबूत हो सके। वहीं बुंडू में पहली बार वोट देने आये डोमन सिंह ने कहा कि वह सुबह साढ़े छह बजे ही मतदान करने के लिए कतार में लग गये थे। ताकि सबसे पहले वोट डाल सकें। डोमन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। इससे हमारा लोकतंत्र मजबूत होगा। कोकर के ही पुरूषोत्तम शर्मा ने कहा कि वोट देने के बाद उन्हें अच्छा एहसास हो रहा है कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए उन्होंने वोट दिया। उन्होंने कहा कि वह वोट देकर अपने घर गये और आसपास के लोगों को भी वोट देने को कहा। दीपक कुमार सोनी ने कहा कि मतदाताओं को लोकतंत्र की मजबूती के लिए वोट देना चाहिए। ताकि देश मजबूत हो। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन की ओर से इस बार मतदाताओं को जागरूक करने के लिए कई जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसका असर लोकसभा चुनाव में देखने को मिला। लोकसभा चुनाव में मतदाता बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

This post has already been read 8303 times!

Sharing this

Related posts