विवाहिता की हत्या कर शव कुएं में फेंका, पिता ने दामाद और ससूर के खिलाफ की शिकायत

रामगढ़। रामगढ़ थाना क्षेत्र के कैथा पारडीह गांव में एक विवाहिता की हत्या कर शव को कुएं में फेंकने का मामला सामने आया है। बुधवार को मृतका संगीता देवी के पिता मोतीलाल महतो ने रामगढ़ थाने में अपने दामाद पिंटू कुमार महतो और उनके परिजनों के खिलाफ हत्या की लिखित शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रामगढ़ थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि बुधवार की सुबह 7:00 बजे एक महिला का शव कुएं से बरामद किया गया था। मृतका संगीता देवी के शव को देखकर या लग रहा था कि उसकी हत्या कर शव कुएं में फेंका गया है। हालांकि परिजनों का कहना था कि उसकी मौत कुएं में गलती से गिर जाने के कारण हुई है, लेकिन शव की स्थिति देख कर चिकित्सकों ने इस बात से इनकार कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। संगीता देवी के पति पिंटू कुमार महतो ने रामगढ़ थाना प्रभारी को बताया कि मेरी पत्नी का अवैध संबंध मेरे चचेरे भाई के साथ था। इसी की वजह से मेरे घर में झगड़ा भी हो रहा था। शायद इसी वजह से संगीता ने कुएं में कूद कर अपनी जान दी है। हालांकि पुलिस उसके इस बयान की छानबीन कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार छत्तर मांडू तेलियातु निवासी संगीता की शादी वर्ष 2014 में पिंटू के साथ हुई थी। इस मामले में संगीता के पिता मोती लाल महतो ने बताया कि शादी के बाद से ही पिंटू और संगीता के बीच संबंध अच्छे नहीं रहे। अक्सर दहेज को लेकर भी मारपीट की जाती थी। पुलिस इस पूरे मामले में हत्या को लेकर ही जांच कर रही है।

This post has already been read 7633 times!

Sharing this

Related posts