पीएम ने देश को मिशन शक्ति के कामयाब ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी : रघुवर दास

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास ने कहा है कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश को मिशन शक्ति के कामयाब ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी। उनके नेतृत्व में देश लगातार किस प्रकार सुरक्षित हो रहा है यह उसका सबूत है। दास ने बुधवार को यहां कहा कि भारत के अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने आज बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मिशन शक्ति के कामयाब होने के साथ ही हमारा देश अब दूसरे देशों से होने वाले किसी भी तरह के खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। देश की सुरक्षा की दृष्टि से आज का दिन काफी महत्वपूर्ण है। मिशन शक्ति के सफलतापूर्वक पूरा होने से भारत स्पेस वार एलिट क्लब में शामिल हो गया है यानी अमेरिका, रूस और चीन के बाद भारत चौथा देश है जिसका अंतरिक्ष पूरी तरह से सुरक्षित हो गया है। यह 21वीं सदी की लंबी छलांग है। आने वाले समय में हमारा जीवन काफी हद तक अंतरिक्ष पर ही निर्भर रहने वाला है। इसमें कम्युनिकेशन सिस्टम, नेवीगेशन जैसी महत्वपूर्ण चीजें शामिल है। यह मिशन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें इस्तेमाल सारे उपकरण देश में ही निर्मित किए गए थे। दास ने कहा कि देश में निर्मित मिसाइल के माध्यम से हमारे वैज्ञानिकों ने मात्र 3 मिनट में 300 किलोमीटर ऊपर उड़ रहे एक लो अर्थ ऑर्बिट उपग्रह को मार गिराया है। इससे दूसरे देशों द्वारा हमारे देश की जासूसी नहीं की जा सकेगी। इस मिशन के लिए उच्च कोटि की तकनीकी क्षमता जरूरी है। कठिन ऑपरेशन होने के बावजूद भारत ने यह उपलब्धि हासिल की है। हमारे वैज्ञानिकों को बहुत-बहुत बधाई।

This post has already been read 6787 times!

Sharing this

Related posts