खूंटी । भाजपा के दिग्गज नेता और पद्मभूषण सम्मान से अलंकृत पूर्व सांसद कड़िया मुंडा ने कहा कि भाजपा साधना का दल है, तपस्या का दल है। यह भारतीय मानस में अंकित भारत की संभावना का दल है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
मुंडा सोमवार को हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खूंटी लोकसभा क्षेत्र में पड़ने वाली विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ रहे हमारे उम्मीदवार सौभाग्यशाली हैं कि वे राज्य और देश के संक्रमण काल के योद्धा हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा उम्मीदवारों के साथ पूरे भारत के करोड़ों कार्यकर्ताओं की प्रार्थना है। उनके साथ भारत भूमि के हुतात्माओं का आशीष है। आगे बढ़िये और विजय की पटकथा लीखिये।
उन्होंने कहा कि कोलेबिरा के पार्टी उम्मीदवार सुजान मुंडा, तोरपा के कोचे मुंडा, खूंटी के नीलकंठ सिंह मुंडा, तमाड़ की रीता देवी मुंडा जैसे सभी उम्मीदवार समावेशी राष्ट्रवादी विचारधारा की आकांक्षाओं के वाहक हैं। पूर्व सांसद ने कहा कि मुझे विश्वास है कि इनका नेतृत्व क्षेत्र को नयी संभावना और साहस देगा। मुंडा ने कहा कि भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं के बारे में तरह-तरह की सोच बनाने का प्रचलन आजकल चल पड़ा है।
मैं इस पार्टी के साधारण कार्यकर्ता की हैसियत से कहना चाहूंगा कि हममें वह सामर्थ्य है कि प्रत्येक चुनौती से निबटने के लिए और भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए भी अपना सर्वस्व न्यौच्छावर करने में पीछे नहीं हटेंगे। लोग भाजपा के भविष्य की चिंता छोड़ दें। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष और अन्य नेतृत्व निश्चित ही दूरगामी सोच के साथ झारखंड में पार्टी को आगे ले जाएंगे। पल-पल नयी करवट लेती राजनीति में भाजपा और उसका नेतृत्व जनहित में जो भी होगा, वह निर्णय करेगा। उन्होंने भाजपा उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धैर्य और विश्वास के साथ संघर्ष कीजिए। मां भारती सबका कल्याण करेंगी।
This post has already been read 7951 times!