गढ़वा के नावाडीह में द्वार पूजा के दौरान छत की रेलिंग टूटी, तीन की मौत और छह घायल

  • मृतकों में वधु के नाना भी शामिल, पांच घायलों को डॉक्टर ने रिम्स रेफर किया

रांची। झारखंड के गढ़वा थाना क्षेत्र के अचला नावाडीह गांव में शादी के घर में उस समय मातम पसर गया जब द्वार पूजा के दौरान छत की रेलिंग टूटकर गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और छह लोग गंभीर रूप से हो गए। घायलों में पांच काे रांची रिम्स के लिए रेफर कर दिया गया, जबकि एक का इलाज स्थानीय गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना बुधवार रात करीब 10 बजे की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अचला नावाडीह गांव में कमलेश धर दुबे की बेटी की बारात बुधवार शाम आई थी। संबंधी और काफी संख्या में ग्रामीण महिलाएं घर की छत पर खड़े होकर रात में द्वार पूजा देख रही थीं। इसी दौरान ज्यादा भीड़ होने के कारण छत की रेलिंग टूटकर गिर गई, जिससे नीचे खड़े कई लोग दब गये। इस घटना में अचला नावाडीह ग्राम निवासी इंद्रनाथधर दुबे की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में अशोक दुबे, शैलेशधर दुबे, मनोजधर दुबे की पुत्री ज्योति कुमारी, दीपक धर दुबे का पुत्र अंकित धर दुबे, सतीश धर दुबे की पुत्री मेघा कुमारी, श्रुति कुमारी, दिनेश धर दुबे की पुत्री मधु कुमारी एवं रेखा कुमारी को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया। इनमें अंकित का सदर अस्पताल गढ़वा में इलाज चल रहा है। शेष सभी पांच घायलों को प्राथमिक उपचार ने बाद डॉक्टरों ने रिम्स रेफर कर दिया। रांची के रिम्स ले जाने के रास्ते में घायल अशोक दुबे और शैलेशधर दुबे की मौत हो गई। नानाकांडी थाना क्षेत्र के घुरुआ ग्राम निवासी रिटायर फौजी अशोक दुबे वधु के नाना थे। घटना के बाद से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

This post has already been read 8134 times!

Sharing this

Related posts