प्रधानमंत्री जनता को डराने का कर रहे हैं काम: अजय कुमार

रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वोटरों को डराने का काम कर रहे हैं लेकिन देश की जनता इससे डरने वाली नहीं है। कुमार मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के दौरान जहरीला अभियान चला रही है कि फलां आया तो ये होगा, वो होगा। इस आधार पर वोटरों को डरा रही है। कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी झारखंड दौरे पर आ रहे हैं। इससे हमारी जीत का मारजिन बढ़ेगा। गरीबी हटाने और भुखमरी के मामले में झारखंड का 29वां स्थान है। पीएम किस हिम्मत से झारखंड आ रहे हैं। प्रधानमंत्री के इसबार का कैंपेन डर पर निर्भर है। स्मार्ट सिटी, नौकरी, पानी, विकास की बात इस चुनाव में नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के न्यूनतम आय गारंटी योजना से झारखंड के लगभग 50 प्रतिशत लोगों को फायदा होगा। झाविमो अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को धमकी भरे पत्र भेजे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मरांडी एक कर्मठ नेता हैं। उन्हें डराया जा रहा है कि क्योंकि वह आयेंगे तो नक्सलवाद साफ हो जायेगा। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने पंजाब में आंतकियों को खत्म किया। एंटी नक्सल अभियान पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदम्बरम के समय चलाया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची 25 अप्रैल तक जारी हो जायेगी। इनमें नवजोत सिंह सिद्धू, शत्रुघ्न सिन्हा, हार्दिक पटेल आदि शामिल हैं। रांची में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी प्रचार करने आयेंगी। तीन से छह मई के बीच में प्रियंका गांधी रांची में रोड शो कर सकती हैं। इस मौके पर रवीन्द्र सिंह, कुमार राजा, एम तौसीफ आदि उपस्थित थे।

This post has already been read 7090 times!

Sharing this

Related posts