दुमका। पाकुड़ एसपी अमरजीत बलिहार हत्याकांड सहित अन्य चार मामले में वांछित नक्सली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दुमका पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे पुलिस के सहयोग से भाकपा माओवादी के हार्डकोर इनामी नक्सली आकाश मुर्मू उर्फ आकाश हांसदा उर्फ साहेब राम हांसदा को गिरफ्तार किया है। उसपर एक लाख का इनाम घोषित है।
वह रामगढ़ थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव निवासी है।सोमवार को एसपी वाई.एस. रमेश ने प्रेसवार्ता में बताया कि इनामी नक्सली आकाश हांसदा के खिलाफ पाकुड़ एसपी अमरजीत बलिहार की हत्या, 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान बम विस्फोट कर पुलिसकर्मियों की हत्या के साथ- साथ संथाल परगना के विभिन्न थानों में कई कांड दर्ज हैं। एसपी रमेश ने बताया कि वर्ष 2013 में आकाश हांसदा काठीकुंड के कुलकांठ में अपनी ससुराल गया था।
उसी समय माओवादी दस्ता के बहकावे में आकर नक्सली दस्ता में शामिल हुआ था। आकाश भाकपा माओवादी के दस्ता सदस्य के रूप में कार्य करता था। हार्डकोर नक्सली दुमका जिला के काठीकुंड एसपी बलिहार हत्याकांड, शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में लोकसभा चुनाव के दौरान लैंड ब्लास्टिंग, रामगढ़ थाना क्षेत्र के टावर जलाने एवं पाकुड़ जिला के लिट्टीपाड़ा कांड में वांछित अभियुक्त है।एसपी ने बताया कि हार्डकोर नक्सली पुणे की किसी निजी कंपनी में साहेब राम हांसदा के नाम से काम कर रहा था।
इसकी सूचना पर डीएसपी श्रीराम सामंद के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम गठित कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुणे गयी थी। बीते रविवार को पुणे से उसे गिरफ्तार कर दुमका लाया गया है। एसपी ने टीम के साथ-साथ इस गिरफ्तारी में भूमिका निभाने वाले अन्य पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
This post has already been read 8309 times!