केन्द्र में फिर पूर्ण बहुमत से बनेगी मोदी सरकार- राजनाथ सिंह

बस्ती । केंन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि लोकसभा चुनाव के तीन चरणों के हुए मतदान के रूझान से विपक्षी दल घबरा गये हैं। भारतीय जनता पार्टी फिर केन्द्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनायेगी और नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। 
छावनी बाजार में पार्टी द्वारा आयोजित चुनावी सभा में उन्होंने कहा कि भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से विपक्ष में निराशा फैल गई है। भाजपा की आंधी चल रही है। उसमें विपक्ष तिनके की तरह उड़ जायेगा। राजनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। साढ़े चार साल में देश छठे स्थान पर आ गया है। 2030 तक भारत चीन को पछाड़ देगा। मोदी की अगुवाई वाली सरकार ने चार साल में वह काम कर डाला जो बीते 60 साल में कांग्रेस सरकार नही कर सकी थी। 
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद 2014 तक देश में 12 करोड़ गैस कनेक्शन थे, चार साल में 13 करोड़ गैस कनेक्शन दिये गये हैं। केन्द्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का धन जानता के खाते में सीधे भेजने से एक लाख दस हजार करोड़ रुपये की बचत हुई है। वर्ष 2022 तक देश के सभी गरीबों को पक्का मकान और गैस कनेक्शन प्रदान कर दिया जायेगा। उन्होंने देश के प्रगति की चर्चा करते हुए कहा कि रुस, चीन और अमेरिका के बाद एंटी सेटेलाइट मिसाइल स्थापित करने वाला भारत चौथा देश है। 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 साल तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और उन पर कोई आरोप नहीं है। विपक्षी पार्टियां मोदी रोको अभियान को लेकर एक जुट हो रही हैं। उन्होंने सपा, बसपा व कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस भी इस गठबंधन में शामिल होना चाहती थी। लेकिन उसको मौका नहीं मिला। कांग्रेस कहती है कि सरकार बनेगी तो राष्ट्रद्रोह का कानून खत्म कर देंगे। श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस भारत को तोड़ने का काम करती है। भाजपा की सरकार बनने के बाद इस कानून को और कड़ा किया जाएगा, जिससे भारत और मजबूत होगा। भाजपा शासन काल में भारत तेजी से मजबूत हुआ है। इस मौके पर पार्टी उम्मीदवार हरीश द्विवेदी सहित अन्य लोगों ने भी अपना विचार व्यक्त किया।

This post has already been read 7078 times!

Sharing this

Related posts