मारे गये भाजपा नेता के परिजनों से मिले ग्रामीण विकास मंत्री, मदद का दिया भरोसा

अपराधियों ने भाजपा नेता, पत्नी और बेटे की कर दी थी हत्या

खूंटी। राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने दिवंगत भाजपा नेता मागो मुंडा के परिजनों से सदर अस्पताल में मुलाकात की और उनके परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मंगलवार को मंत्री नीलकंठ मुंडा के अस्पताल पहुंंचने पर पूरा माहौल गमगीन हो उठा। मागो की एक बेटी ने मंत्री से हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की। मंत्री ने कहा कि मागो मुंडा के साथ उनका व्यक्तिगत संबंध था। उनकी हत्या से पार्टी के साथ ही उन्हें व्यक्तिगत क्षति हुई है। परिजनों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने घटना की कड़ी निंदा की। मागो मुंडा के परिजनों ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर परिवार के तीन सदस्यों को सरकारी नौकरी और 50 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की। मंगलवार सुबह एसपी आलोक, एसडीओ प्रणब कुमार पाल और एसडीपीओ आशीष कुमार महली भी सदर अस्पताल पहुंचेे। मागो मुंडा की बेटी राधा मुंडू कुदा पंचायत की मुखिया हैं। उल्लेखनीय है कि सोमवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने भाजपा नेता और मुरहू प्रखंड बीस सूत्री कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष मागो मुंडा, उनकी पत्नी लखमनी देवी और पुत्र लिपराय मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मंगलवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। अपराधियों की गोलीबारी में एक अन्य महिला नौरी मुंडू गंभीर रूप से घायल हो गयी थी। उसे इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है। 

गांव में हुआ तीनों शवों का अंतिम संस्कार

अपराधियों की गोलीबारी में मारे गये भाजपा नेता मागो मुंडा, उनकी पत्नी लखमनी देवी और पुत्र लिपराय मुंडा के शवों का अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक गांव हेठगोव में सरना परंपरा के अनुसार किया गया। अंतिम संस्कार के मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, महामंत्री विनोद नाग, एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष लीलू पाहन, हरिनाथ मुंडा मुरहू प्रखंड की प्रमुख,उप प्रमुख भाजपा नेता सुधाकर सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।  

पहले पत्नी व बेटे को मारी गोली 

हेठगोवा में पूरे घटना की प्रत्यक्षदर्शी एक युवती ने बताया कि सोमवार देर शाम लगभग साढ़े आठ बजे मागो मुंडा और उसके परिजन आंगन में बैठे थे। उसी समय लगभग पांच की संख्या में वर्दीधारी अपराधी वहां पहुंचे। अपराधियों ने पहले मागो की पत्नी लखमनी को गोली मारी। यह देख मागो मुंडा घर के अंदर जाकर छिप गये। अपराधी भी पीछे आने लगे। वहां उनका बेटा लिपराय मिला, अपराधियों ने उसे भी गोली मार दी। बाद में घर के अंदर मागो मुंडा की भी गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधी घटना को अंजाम देकर फरार हो गये। गोलियों की आवाज सुनकर गांव के लोग घरों में ही दुबके रहे। 

घटना के पीछे उग्रवादियों का हाथ होने की आश्ंका

हेठगोवा में गोलीकांड के बाद पुलिस रात में ही घटनास्थल पर पहुंच गयी। आसपास के क्षेत्र में छानबीन करने के बाद पुलिस को नौ एमएम की तीन और आठ एमएम गोली का एक खोखा बरामद हुआ है। इसके अलावा एक 315 बोर की जिंदा गोली भी मिली है। घटना को किसने और क्यों अंजाम दिया, इसका अबतक पता नहीं चल सका है। पुलिस को पीपुल्स लिब्रेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) उग्रवादियों पर शक है। 

बेसहारा परिवार हुआ 

मागो मुंडा, उनकी पत्नी लखमनी मुंडू और बेटा लिपराय मुंडू की हत्या के बाद परिवार बेसहारा हो गया है। परिवार में अब मागो मुंडा की दूसरी पत्नी धर्मी मुंडू, चार बेटियां और एक बहू रह गयी है। मागो की दो बेटियों मुनी मुंडू और राधा मुंडू की शादी हो चुकी है। राधा मुंडू कुदा पंचायत की मुखिया भी हैं। दो छोटी बेटी प्रमिला मुंडू और बबिता मुंडू की अभी शादी नहीं हुई। 
बाॅक्स

पीएलएफआइ ने हत्याकांड में हाथ होने से किया इनकार

प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीपुल्स लिब्रेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) ने हेठगोवा में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या में संगठन का हाथ होने से इनकार किया है। पीएलएफआइ केेंद्रीय कमेटी के सदस्य मार्टिन जी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा भाजपा नेता मागो मुंडा, उनकी पत्नी लखमनी देवी और पुत्र लिपराय मुंडा की हत्या में पीएएलएफआइ को बेवजह बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीएलएफआइ किसी की हत्या करता है तो इसकी जिम्मेवारी भी लेता है पर इस जघन्य हत्याकांड में संगठन का कोई हाथ नहीं है।

This post has already been read 7366 times!

Sharing this

Related posts