लोकसभा चुनाव चौकीदार और बेलदार के बीच : भाजपा

No

गढ़वा। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव देश की दिशा और दशा तय करेगा। यह चुनाव देश में आतंकवाद, भ्रष्टाचार, सामाजिक कुरीतियों, गंदगी के खिलाफ खड़े सजग चौकीदार और भ्रष्टाचार के मामलों में बेल पर छूटे बेलदारों के बीच है। 
शाहदेव रविवार को गढ़वा भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में न सिर्फ देश की सीमाओं की पहरेदारी हो रही है, बल्कि आतंकवादियों को उनकी सीमापार के ठिकानों में घुसकर मारा गया है। वहीं, कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष ने वायुसेना से बालाकोट हमले का सुबूत मांगकर सैन्यबलों का मनोबल तोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने कहा की एक ओर भारत को महाशक्ति के रूप में विकसित करने के लिए सजग पहरेदार खड़ा है, तो दूसरी ओर सोनिया गांधी, राहुल गांधी, रॉबर्ट वाड्रा, चिदंबरम और लालू यादव जैसे नेता हैं जो या तो भ्रष्टाचार के मुकदमों में बेल पर हैं या फिर बेल का इंतजार कर रहे हैं। शाहदेव ने कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को भारी बहुमत से जीत मिलेगी।
चांदी का चम्मच लेकर जन्म लेने वाले नहीं समझ सकते गरीबों का दर्दः शिवपूजन पाठक
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीबों के विकास के लिए बड़े प्रयास हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने सदन में पहले ही संबोधन में कहा था कि यह सरकार गरीबों के लिए समर्पित होगी और उन्होंने पांच वर्षों में यह कर दिखाया। घर-घर में गैस सिलेंडर पहुंच गये। जन-धन योजना के अंतर्गत करोड़ों खाते खुले। गांव को केंद्रित रखकर अनेक योजनाएं चलीं। इससे गरीबों का सर्वांगीण विकास हुआ। पाठक ने कहा कि गरीबों का दर्द एक गरीब के घर में जन्म लिया हुआ बेटा ही समझ सकता है। चांदी का चम्मच लेकर जन्म लेने वाले इसे नहीं समझ सकते। 

This post has already been read 8192 times!

Sharing this

Related posts