रांची। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी और राजद के पूर्व विधायक जनार्दन पासवान के भाजपा में शामिल होने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि अन्नपूर्णा देवी झारखंड की लोकप्रिय नेत्री हैं। इन्होंने जनहित की राजनीति की है। उनके भाजपा में शामिल होने से झारखंड की राजनीति पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, राजद, जेएमएम, वामदलों ने गांव, गरीब, पिछड़े, दलित, आदिवासियों के नाम पर राजनीति कर अबतक अपनी मतपेटियां भारी हैं लेकिन उनकी भलाई के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी के हित के लिए काम किया है। वर्तमान सरकार की जनहित की नीतियों से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के नेता भी भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इस आम चुनाव में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की जनहित की नीतियों को देखते हुए मतदाता भाजपा को भारी बहुमत देकर फिर से मोदी जी को दोबारा प्रधानमंत्री बनायेंगे। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, महामंत्री भूपेंद्र यादव और मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इन नेताओं का स्वागत किया। भूपेंद्र यादव और रघुवर दास ने अन्नपूर्णा देवी और जनार्दन पासवान को भाजपा की सदस्यता दिलाई। भाजपा में शामिल होने के बाद राजद ने अन्नपूर्णा देवी को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
एक दिन पहले भूपेंद्र, अनंत ओझा के साथ रघुवर से मिली थीं अन्नपूर्णा
इससे पहले रविवार देर शाम भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव और प्रदेश भाजपा महामंत्री व विधानसभा में सचेतक अनंत ओझा के साथ राष्ट्रीय जनता दल की प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी, रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंची थी। वहां मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ आधे घंटे की मुलाकात और बातचीत के बाद भाजपा में उनका शामिल होना तय हो गया था। एक सप्ताह पहले से अन्नपूर्णा के भाजपा में शामिल होने की चर्चा थी। हालांकि प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने तब इसका खंडन किया था।
This post has already been read 8797 times!