झारखंड के मुख्य निर्वाचन आयुक्त एल खियांग्ते सहित अन्य अधिकारियों ने किया मतदान

रांची। राजधानी रांची लोकसभा क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण मतदान जारी है। राजधानी रांची में चीफ इलेक्शन ऑफिसर एल खियांग्ते ने राजकीयकृत मध्य विद्यालय में मतदान किया। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे रेडक्रॉस स्थित बूथ पर अपने परिवार के साथ मतदान किया। इसके अलावा डीजीपी डीके पांडे, एडीजी रेल प्रशांत सिंह, डीआईजी साकेत कुमार सिंह, रांची से भाजपा उम्मीदवार संजय सेठ और कांग्रेस उम्मीदवार सुबोधकांत सहाय, मंत्री सीपी सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने अपने परिवार के साथ मतदान किया। रांची लोकसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर एसएसपी अनीश गुप्ता और डीसी राय महिमापत रे कंट्रोल रूम से लगातार नजर बनाए हुए हैं। दोनों अधिकारियों ने भी अपने परिवार के साथ जाकर वोट दिया। डीसी राय महिमापत रे ने रेडक्रॉस स्ट्रीट बूथ पर मतदान करने के बाद मतदाताओं से वोट करने की अपील की। रांची लोकसभा सीट के विभिन्न मतदान केंद्रों में मतदाताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। सुबह 7:00 बजे से ही मतदान करने के लिए लंबी-लंबी कतारों में लोग लगे हुए हैं। वहीं, सबसे पहले मतदान करने वाले मतदाताओं को जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कड़ी धूप में भी महिला और पुरुष अपने मत का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर लाइन में लगे हुए हैं। दिव्यांग मतदाताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है। वह भी वोट देने के लिए अपने परिजनों के साथ आ रहे हैं। मतदान केंद्रों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के द्वारा दिव्यांग मतदाताओं को सहयोग करते हुए मतदान कराया जा रहा है। हालांकि कई बूथों से ईवीएम की गड़बड़ी की सूचना भी मिली है। जिससे कुछ देर मतदान भी रुका रहा लेकिन थोड़ी देर बाद ईवीएम ठीक होते ही मतदान शुरू किया गया। कुछ बूथों पर मतदान बहुत धीमा होने के वजह से मतदाताओं में नाराजगी देखी जा रही है।

This post has already been read 7203 times!

Sharing this

Related posts