फीफा अंडर -17 महिला विश्व कप 2020 की मेजबानी करेगा भारत

नई दिल्ली। भारत फीफा अंडर -17 महिला विश्व कप 2020 की मेजबानी करने के लिए तैयार है। भारत को मेजबानी देने का अधिकार देने का निर्णय शुक्रवार को अमेरिका के मियामी में आयोजित फीफा परिषद की बैठक में लिया गया। फीफा महिला विश्व कप के आधिकारिक ट्विटर एकाउंट पर इस आशय की जानकारी दी गई है। अखिल भारतीय फुटबॉल संघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने भी इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि आयोजक इस आयोजन को सफल बनाने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि यह देश और एआईएफएफ के लिए बहुत ही गर्व व सम्मान की बात है। हम इसे एक शानदार टूर्नामेंट बनाने का प्रयास करेंगे। मेजबान देश होने के आधार पर भारत अपने इतिहास में पहली बार प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भाग लेगा। यह दूसरा फीफा टूर्नामेंट है, जिसकी मेजबानी भारत को मिली है। इससे पहले वर्ष 2017 में फीफा अंडर-17 विश्व कप की मेजबानी भारत को मिली थी। अंडर -17 विश्व कप की सफलता के बाद भारत ने अंडर-17 महिला विश्व कप की मेजबानी में अपनी रुचि व्यक्त की थी।

This post has already been read 5817 times!

Sharing this

Related posts