बाबा दरबार में सीएम ने लगाई हाजिरी, कहा-हम सब कांवरियों के सेवक

रांची। ट्रेन से बाबा नगरी देवघर पहुंचे मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंगलवार को सबसे पहले बाबा वैद्यनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई और 

कामना लिंग की पूजा-अर्चना कर सबकी सुख-समृद्धि की कामना की। देवभूमि की पवित्र माटी को प्रणाम करते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छता और विनम्रता विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की संवेदना होगी। हम सब बाबा की ओर से कांवरियों के सेवक हैं। देवघर आने वाले कांवरियों को बेहतर सुविधाएं मिले, इसकी पूरी कोशिश है। 

सीएम ने कहा कि बाबाधाम में भोलेनाथ की आराधना कर सवा तीन करोड़ झारखण्डवासियों की सुख समृद्धि की प्रार्थना की है। हमारा झारखंड सदा विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे, नीलकंठ से यही कामना है। उन्होंने कहा कि कांवरिया सुविधाओं का विस्‍तार बासुकीनाथ तक होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए देवघर में अमानत घर की सेवा भी बहाल होगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री आज देवघर में कैबिनेट की बैठक करेंगे और संथालपरगना के सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षक और उप विकास आयुक्तों के साथ प्रमंडल में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री आज दुमका के जामा में एक राजनीतिक कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।

This post has already been read 6466 times!

Sharing this

Related posts