गोड्डा और अन्य सीटों पर रजामंदी-आर.पी.एन. सिंह

गिरिडीह। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और झारखंड प्रभारी आर.पी.एन. सिंह ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में महागठबंधन पूरी मजबूती से एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ लड़ेगा। झाविमो और राजद महागठबंधन के महत्त्वपूर्ण अंग हैं। गोड्डा समेत अन्य सीटों पर आपसी सहमति बन चुकी है। सभी मिलकर बाकी परेशानियों को दूर कर लेंगे। यह दावा देवघर की कांग्रेस की रैली में शामिल होने पहुंचे सिंह ने गिरिडीह में मीडिया से किया। गौरतलब है कि शुरुआती सीट बंटवारे के फार्मूले पर झाविमो और राजद जैसे दल कांग्रेस के फैसले से खफा हैं। गोड्डा सीट को झाविमो ने प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है। पार्टी नेता अकेले चुनाव लड़ने तक की बात कर रहे हैं। झामुमो भी विधानसभा चुनाव के लिए साथ में सीटों के बंटवारे की बात कहकर महागठबंधन पर दबाव बनाए हुए है।
लोकसभा चुनाव में झारखंड में महागठबंधन की सीटों के बंटवारे को लेकर सहयोगी दलों के बीच रूठने और मनाने का सिलसिला लगातार चल रहा है।कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार बुधवार सुबह अचानक झारखंड विकास मोर्चा के सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी के गिरिडीह स्थित आवास पहुंचे। इसे महागठबंधन को टूटने से बचाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस डैमेज कंट्रोल में जुटी है। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। बाबूलाल अभी भी गोड्डा सीट पर अड़े हुए हैं।
मुलाकात के बाद कांग्रेस नेता डॉ. अजय कुमार ने कहा कि मरांडी सुलझे हुए नेता हैं। भाजपा को रोकने के लिए महागठबंधन में शामिल सभी दल एकजुट हैं। यह शिष्टाचार मुलाकात है। वह चाय पीने गए थे। मरांडी ने कहा है कि जिस लोकसभा क्षेत्र में जो पार्टी मजबूत है, सीट उसी को मिलनी चाहिए। झारखंड विकास मोर्चा ने गोड्डा में संघर्ष किया है।वहां की जनता चाहती है कि झाविमो ही गोड्डा से चुनाव लड़े।

This post has already been read 7425 times!

Sharing this

Related posts