खूंटी। जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि जब तक गांव का हर व्यक्ति शिक्षित और जागरूक नहीं हो जाता, तब तक न गांवों की प्रगति होगी और न ही देश आगे बढ़ेगा। गांव के लोग खुशहाल होंगे, तभी देश का भी विकास होगा। मंत्री रविवार को मुरहू प्रखंड के बिचना गम्हरिया गांव की देवी गुड़ी और सरना स्थल पर पूजा-अर्चना के बाद गांव की चैपाल को संबोधित कर रहे थे। इसके पूर्व गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़े के साथ उनका पारंपरिक ढंग से स्वागत किया। देवी मंडप व सरना स्थल पर पूजा-अर्चना कर उन्होंने राज्य व देश की खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद आयोजित चैपाल में मंत्री अर्जुन मुंडा गांव वालों की समस्याओं से रू-ब-रू हुए। ग्रामीणों ने अंगराबारी से तुपुदाना तक बन रही सड़क में किसानों की अधिग्रहित जमीन के मुआवजे की मांग की।मंत्री ने कहा कि हमें अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक कुरीतियों से दूर रहना होगा। हमारा प्रयास है कि गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत जरूरतों को पूरा किया जाए, लेकिन इसके लिए गांव वालों को भी शिक्षित और जागरूक होना होगा।
उन्होंने कहा कि देश भर में आदिवासी परंपरा मानने वालों की प्रगति के लिए सरकार हर संभव प्रयास करेगी। इसके लिए पंचायत और ग्राम सभा को भी अपनी जिम्मेवारी निभानी होगी। आज ग्राम सभा को यह भी मालूूूम नहीं है कि उनके गांव में कितने बच्चे हैं, फिर गांव वाले उनके स्वास्थ्य और शिक्षा का ख्याल कहां से रखेंगे। मंत्री ने कहा कि ग्राम सभा को अपने गांव की हर तरह की जानकारी होनी चाहिए। बच्चों को पढ़ाना और उन्हें रोजगार मुहैया कराना हमारी जिम्मेवारी है और यही विकास का रास्ता है।इससे पहले धार्मिक अनुष्ठान गांव के लुदू पाहन और तिलन पाहन ने संपन्न कराये।
केंद्रीय मंत्री ने चैपाल में सेवानिवृत्त शिक्षक महेंद्र महतो सहित कई अन्य लोगों को भाजपा की सदस्यता भी दिलायी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक कोचे मुंडा, भाजपा के जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, पूर्व सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार, नगर पंचायत खूंटी के अध्यक्ष अर्जुन पाहन, प्रमुख रूकमिला देवी, उप प्रमुख जितेंद्र कश्यप, लीलू पाहन, मुखिया सुरेंद्र तिड़ू, बिरसा लोहरा, अभिराम स्वांसी सहित काफी संख्या में महिला व पुरुष उपस्थित थे। इस मौके पर गांव के बच्चों ने केंद्रीय मंत्री के साथ जमकर सेल्फी ली। मंत्री भी बच्चों के साथ घुलमिल कर काफी देर तक बातचीत करते रहे।
This post has already been read 7016 times!