प्रधानमंत्री पर कांग्रेस का बयान बकवास, देश को गुमराह करने की साजिश: भाजपा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कांग्रेस के आरोपों को ‘बेहुदा, बेबुनियाद और बेसुरा’ करार देते हुए देश को गुमराह करने वाला बताया है। भाजपा नेता एवं केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कांग्रेस को देश की सुरक्षा स्थिति के जमीनी हालात की जानकारी नहीं है। उन्हें यह भी नहीं पता कि हमले के बाद सेना ने क्या जवाबी कार्रवाई की है। भाजपा नेता की तरफ से यह बयान कांग्रेस प्रवक्ता द्वारा प्रधानमंत्री पर किए हमले के बाद आया है।
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने गुरुवार को आरोप लगाया कि सीआरपीएफ जवानों पर हमला होने के चार घंटे बाद तक भी प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड में सैर करते रहे और डिस्कवरी चैनल के साथ बातचीत करते रहे। भाजपा के प्रधानमंत्री सत्ता की लालसा में राजधर्म भूल कर राज बचाने में लगे हुए हैं। सुरजेवाला ने यह बयान तब दिया है जब पुलवामा हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को देश और दुनिया के सामने बेनकाब कर दिया है।
सुरजेवाला के इसी बयान पर पलटवार करते हुए केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कांग्रेस को देश की सुरक्षा स्थिति की जमीनी हालात की जानकारी नहीं है। उन्हें नहीं पता कि हमले के बाद सेना ने क्या जवाबी कार्रवाई की है। नकवी ने आगे कहा कि कारगिल की लड़ाई के दौरान जब देश एकजुटता दिखा रहा था उस समय कांग्रेस वाजपेयी सरकार को ‘कफन चोर’ कह रही थी। कांग्रेस की हमेशा से गुमराह करने की आदत रही है। वहीं अलगाववादियों से सुरक्षा छीनकर उन्हें चूहे के बिल में डाला गया है। अलगाववादियों की यही निराशा ही कांग्रेस के बयान में झलक रही है।
नकवी ने कहा कि 2014 तक देश में कांग्रेस की सरकार के दौरान आतंकी पूरे देश में आए दिन कहीं न कहीं हमला कर सैकड़ों लोगों की जान लेते थे। आज उनकी कमर तोड़ दी गई है, उनके हौसले पस्त किए गए हैं और उनकी गतिविधियों को सीमित कर दिया गया है। मोदी सरकार ने आतंकियों को मुहतोड़ जवाब दिया है। आज पाकिस्तान डरा हुआ है।

This post has already been read 7797 times!

Sharing this

Related posts