कांग्रेस ने झारखंड के शहीद के परिजनों को 50 लाख देने की मांग की

रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार ने राज्य सरकार से पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए झारखंड के सपूत विजय सोरेंग के परिजनों को 50 लाख रूपये मुआवजा देने की मांग की है। कुमार ने शनिवार को कहा कि इसके साथ ही शहीद के परिजनों को तब तक उसी तरह की सुविधा मिलती रहे, जब तक वह सरकारी सेवा में रहते। ताकि उनके परिवार को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं हो। कुमार कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलवामा में हुए आतंकी हमले में 44 जवान शहीद हुए हैं। इनमें से एक झारखंड के गुमला जिले के विजय सोरेंग भी हैं। प्रदेश कांग्रेस सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करती है।
उन्होंने इस हमले की निष्पक्ष जांच कराने और 26/11 की तरह रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि यह देश का मामला है, ना कि कांग्रेस या भाजपा का। आज देश एक है, देश का हर नागरिक देश से प्रेम करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे विषय में हम सभी राजनीतिक दल एक हों। देश के बारे में एक-दूसरे पर टिप्पणी ना करें। हम एक रहेंगे, तो दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दे पायेंगे। प्रेसवार्ता में पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर उरांव, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आभा सिन्हा, राजीव रंजन प्रसाद आदि उपस्थित थे।

This post has already been read 8160 times!

Sharing this

Related posts