ममता बनर्जी को बनाया भाजपा का सदस्य, जांच के निर्देश

कोलकाता। सोशल साइट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की एक तस्वीर साझा की जा रही है जिसमें उनको भारतीय जनता पार्टी का सदस्य़ दिखाया गया है। इसको लेकर ममता खासी नाराज हैं। उन्होंने इसके जांच के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि शनिवार से भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू हुआ है।

देश भर में बड़े पैमाने पर लोगों ने मिस कॉल के जरिए सदस्यता ली है। जो लोग भी सदस्य बने हैं, उनका फोन नंबर पार्टी की वेबसाइट पर डालने से उनकी सदस्यता से संबंधित सचित्र ब्यौरा देखा जा सकता है।अब ऐसी ही एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी भाजपा का सदस्य दिखाया गया है। खास बात यह है कि इसमें ममता की तस्वीर भी है और उनकी कथित सदस्य संख्या का अंतिम चार अंक भी दिया गया है। यह तस्वीर सोशल साइट पर जमकर साझा की जा रही है, जो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पास तक पहुंची है। 

इसको लेकर ममता ने तीखी नाराजगी जताई है। राज्य प्रशासन ने इसकी जांच भी शुरू कर दी है। किसने इस फर्जी तस्वीर को बनाई और कहां से साझा की गई, इसकी जांच में साइबर सेल जुटा है।  इस बारे में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा के अपने कक्ष में मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान नाराजगी जाहिर की।उन्होंने कहा कि मुझे भाजपा सदस्य बनाकर सोशल साइट पर प्रचार किया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने राज्य के संसदीय कार्य और शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी को इस बारे में विस्तार से जानकारी देने का निर्देश दिया। पार्थ ने मीडिया को एक प्रिंटआउट दिखाया जिसमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर लगी थी और भाजपा का सदस्य संख्या की जगह पर ******4279 लिखा था। इसे दिखाते हुए पार्थ चटर्जी ने कहा कि भाजपा कितने ओछे दर्जे की राजनीति कर रही है, अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हम लोग इसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। कोलकाता पुलिस के साइबर सेल को इसकी जांच का निर्देश दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इसी तरह से राहुल गांधी के भी भाजपा का सदस्य बनने से संबंधित एक सचित्र पोस्टर सोशल साइट पर साझा हो रहा है।

This post has already been read 7954 times!

Sharing this

Related posts