संभावित पराजय देख बौखला गयी है भाजपा : झामुमो

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कहा है कि संभावित पराजय से बौखलाई भाजपा का आचरण न केवल हास्यास्पद है, बल्कि उनके नेताओं के हताशा को भी दर्शाता है। पार्टी के प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने गुरूवार को कहा कि 13 मार्च को आयोजित टि्वटर पर हेमंत सोरेन की चौपाल कार्यक्रम की सफलता से भाजपा की प्रदेश इकाई इस प्रकार तिलमिला गयी है कि तथ्यहीन आरोप पत्र के जरिये चुनाव आयोग को भी भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने यह आरोप लगाया है कि हेमंत की चौपाल के प्रचार-प्रसार के लिए शहर में आचार संहिता के विरूद्ध होडिंग्स लगाये गये। जबकि तथ्य यह है कि समस्त 10 होडिंग्स का प्रकाशन सक्षम प्राधिकार द्वारा अनुमोदित था। चौपाल कार्यक्रम सक्षम प्राधिकार द्वारा स्वीकृत था।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक स्तर पर परास्त भाजपा जब आगामी लोकसभा के चुनाव का सामना करने को तैयार नहीं है, उस समय झल्लाहट छुपाने के लिए भाजपा अनाप-शनाप बयानबाजी कर रही है। पिछले पांच आम चुनाव में गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से लगातार जीत दर्ज करने वाली भाजपा ने अपनी दुर्दशा का आकलन करते हुए इस बार यहां से चुनाव न लड़ने का निर्णय लेकर यह स्पष्ट कर दिया कि उसकी पूरे राज्य में स्थिति क्या है। उन्होंने कहा कि 2004 में जब भाजपा ने साईनिंग इंडिया और फिल गुड इंडिया के नारे के साथ तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा था, तब झारखंड की जनता ने भाजपा के जुमलों एवं सपनों से निजात पाने के लिए अपनी आवाज से भाजपा को करारा शिकस्त देने का काम किया। उन्होंने कहा कि उसी प्रकार इस बार जब वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा आगामी चुनाव अपने पांच वर्ष के लगातार झूठे वायदे एवं कल्पनातीत सपनों के साथ लड़ने का मंशा बना रही है, तब फिर एक बार जनता ने यह ठान लिया है कि इस बार राज्य की सभी 14 लोकसभा सीटों से भाजपा व उनके सहयोगी दलों को संपूर्ण सफाया कर यह साबित कर देगी कि देश और राज्य अब अपने बुनियादी अधिकार के साथ किसी भी प्रकार के होने वाले छलावे के विरूद्ध एकजुट है।

 

This post has already been read 8680 times!

Sharing this

Related posts