रामगढ़। विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही रामगढ़ और बड़कागांव सीट के लिए आजसू का उम्मीदवार घोषित करना भाजपा को रास नहीं आ रहा है। इस मुद्दे को लेकर अब भाजपा ने आजसू के खिलाफ अपने तेवर तल्ख कर लिए हैं। बुधवार को इस विषय को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री रंजीत पांडे, भाजपा के वरीय नेता संजय सिंह की मौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी ने कहा कि आजसू के वर्तमान गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी हजारीबाग संसदीय क्षेत्र में तीन सीटों को लेकर दावेदारी पेश कर दी है।
उनके राजनीतिक दांव को भाजपा बखूबी समझ रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आम जनता के साथ-साथ भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं की मांग है कि रामगढ़ सीट से भाजपा उम्मीदवार को खड़ा किया जाए। लेकिन चुनाव की घोषणा से पहले ही सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने रामगढ़ विधानसभा सीट के लिए अपनी पत्नी सुनीता चौधरी को उम्मीदवार घोषित कर दिया था। बड़कागांव विधानसभा सीट पर अपने भाई रोशन लाल चौधरी को भी बतौर उम्मीदवार घोषित कर दिया था। उसके अलावा पार्टी के एक कार्यकर्ता तिवारी महतो को मांडू विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा भी चल रही है। इस तरह हजारीबाग लोकसभा की तीन विधानसभा सीटों पर अपना वर्चस्व दिखाने की कोशिश कर रही है।
बैठक में भाजपा जिला महामंत्री रंजीत पांडे ने सीधे तौर पर आजसू के गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी को घमंड में चूर होने की बात की। उन्होंने कहा कि घमंड इस दुनिया में किसी का रहा नहीं है, तो आजसू का भी नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव में आजसू को वह सीट दिया, जिसमें पिछले 5 बार से लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार जीत रहे थे। उन्होंने कहा कि इस बार रामगढ़ विधानसभा सीट पर तीन बार चुनाव जीतने वाले चंद्रप्रकाश चौधरी को भाजपा को मौका देना चाहिए था। लेकिन उन्होंने अपने घमंड में चूर होकर अपनी पत्नी को ही उम्मीदवार बना दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा शुरू से ही वंशवाद का विरोध करते आई है और इस बार भी रामगढ़ विधानसभा में वंशवाद को पनपने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से भाजपा केंद्रीय समिति को एक प्रस्ताव भी भेजा गया है जिसमें रामगढ़ विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार उतारने की मांग की गई है। भाजपा नेताओं की इस बैठक के बाद रामगढ़ विधानसभा में चुनावी सरगर्मी सर चढ़ने लगी है।
This post has already been read 7535 times!