मुंबई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को पूरी दुनिया में सम्मान दिलाया है। वह जहां जाते हैं पूरा परिसर मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठता है। उन्होंने पूरे देश को अखंडित और एकजुट रखने का काम किया है। शाह ने देश को सुरक्षित रखने के लिए भाजपा महागठबंधन को वोट करने की अपील की।
अमित शाह ने यह बात गुरुवार को सांगली जिले में स्थित जत विधानसभा क्षेत्र में भाजपा गठबंधन उम्मीदवार विलासराव जगताप की प्रचार सभा में कही।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश में दो निशान, दो प्रधान, दो विधान को उखाड़ कर फेंक दिया गया है। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के निष्प्रभावी होने के बाद कहीं भी गोली तक नहीं चली है। इससे पहले की सरकारें कहती थीं कि अनुच्छेद 370 हटाने के बाद खूनखराबा हो जाएगा। भाजपा अध्यक्ष शाह ने कहा, कश्मीर में हालात सामान्य हैं। प्रधानमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल का सपना साकार कर दिया है। देश में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देना वाला पाकिस्तान दुनिया में अकेला पड़ गया है।
कांग्रेस-राकांपा इसका विरोध करती हैं। अमित शाह ने कहा कि सांगली की जनता शरद पवार और राहुल गांधी से यह पूछे कि राष्ट्रहित से जुड़े सवालों का विरोध आखिर क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले जब भाजपा विपक्ष में थी तो राष्ट्रवाद के मुद्दों पर हमेशा सरकार के साथ रहती थी। अमित शाह ने कहा कि महाराष्ट्र का विकास पिछले पांच साल में तेजी से हुआ है। इससे पहले की आघाड़ी सरकार ने अपने 15 वर्ष के कार्यकाल में महाराष्ट्र के विकास को ठप कर दिया था। अब केंद्र व राज्य सरकार के डबल इंजन से राज्य की सभी लंबित परियोजनाओं को गति मिली है।
महाराष्ट्र के जिन इलाकों में पानी नहीं मिल पाता था, वहां पानी पहुंचाने का काम मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कर रहे हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री से भी इस बाबत बात की है। शाह ने देवेंद्र फडणवीस की तारीफ की और उन्हें विकासशील, सजग मुख्यमंत्री बताया और उनकी सरकार बनाने के लिए मतदान करने की अपील की।
This post has already been read 7945 times!