रांची, खूंटी, कोडरमा व हजारीबाग सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शुरू

रांची। झारखंड में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की चार सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए बुधवार को अधिसूचना जारी कर दी गयी । यह देश का चौथा चरण का चुनाव है। राज्य के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मनीष रंजन ने यहां बताया कि रांची, खूंटी, कोडरमा और हजारीबाग लोकसभा सीटों के चुनाव के लिए आज अधिसूचना जारी कर दी गयी और इसके साथ ही नामांकन की प्रकिया भी शुरू हो गयी। इन सीटों के लिए 18 अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 20 अप्रैल को होगी और 22 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इन सीटों पर छह मई को मतदान होगा। रांची से भारतीय जनता पार्टी ने इस बार रामटहल चौधरी का टिकट काटकर संजय सेठ को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने इस बार भी पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय को ही मैदान में उतारा है। उधर, रामटहल निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए ताल ठोक रहे हैं। रामटहल ने 17 अप्रैल को नामांकन दाखिल करने की घोषणा कर दी है। भाजपा यदि रामटहल को नहीं मना पाई तो रांची में त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति बन सकती है और इससे भाजपा को नुकसान हो सकता है। खूंटी से भाजपा ने इस बार कड़िया मुंडा की जगह पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने एक बार फिर कालीचरण मुंडा पर भी दांव लगाया है। कोडरमा से भाजपा ने सांसद रवीन्द्र राय की जगह हाल ही पार्टी में शामिल हुईं अन्नपूर्णा देवी को उम्मीदवार बनाया है। महागठबंधन में यह सीट झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के खाते में गई है। झाविमो ने कोडरमा से पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को चुनाव मैदान में उतारा है। पिछले चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे राजकुमार यादव को इस बार भी भाकपा माले ने उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में कोडरमा में भाजपा, झाविमो और भाकपा माले के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार दिख रहे हैं। हजारीबाग से इस बार भी भाजपा ने जयंत सिन्हा पर ही भरोसा जताया है। सिन्हा केंद्र में राज्यमंत्री हैं। महागठबंधन में यह सीट कांग्रेस के खाते में गयी हैं। लेकिन कांग्रेस ने अभी हजारीबाग से अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की हैं। भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी (भाकपा) ने पार्टी के राज्य सचिव और पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता को हजारीबाग से चुनाव मैदान में उतारा हैं।

This post has already been read 6216 times!

Sharing this

Related posts