ममता की पार्टी तृणमूल कांग्रेस से गायब हुआ ‘कांग्रेस’

कोलकाता। लोकसभा चुनाव से पूर्व एक महीने के अंदर पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने दूसरी बार अपना लोगो बदला है। शनिवार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने ट्विटर का डीपी बदल दिया। इसमें जो नया लोगो लगाया गया है, उससे पार्टी के नाम से कांग्रेस गायब है।
दरअसल, तृणमूल का पूरा नाम ‘अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस’ (एआईटीएमसी) है। इसके पहले जो पार्टी का लोगो था उसमें घास और जोड़ा फूल के साथ तृणमूल कांग्रेस लिखा गया था, लेकिन अब जो नया लोगो बनाया गया है, उसमें केवल तृणमूल लिखा गया है और कांग्रेस को गायब कर दिया गया है। तृणमूल के साथ इसमें लिखा गया है आपका अपना तृणमूल।
उल्लेखनीय है कि पहले तृणमूल कांग्रेस का लोगो हरा, केसरिया और सफेद रंग का था, लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले जनवरी महीने के मध्य में ममता बनर्जी के निर्देश पर इस लोगो को बदल दिया गया और लोगों का रंग तिरंगा से बदलकर केवल सफेद और नीला रंग कर दिया गया था। यह ममता बनर्जी का पसंदीदा रंग है। हालांकि तब इसमें तृणमूल कांग्रेस लिखा हुआ था, लेकिन अब जो लोगो लगाया गया है उसमें केवल तृणमूल लिखा है। ममता बनर्जी का डीपी बदलने के साथ-साथ पार्टी के अन्य नेताओं ने भी अपना-अपना डीपी इसी नए लोगों के साथ बदला है। पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल का डीपी भी बदला है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव पूर्व पार्टी का लोगो बदलने से सोशल साइट पर सक्रिय लोगों के बीच पार्टी की पहुंच और अधिक बढ़ सकती है, क्योंकि लोग नए लोगो को अधिक पसंद कर रहे हैं।

This post has already been read 6373 times!

Sharing this

Related posts