राज्य में 26 मई से दिखेगा चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ का असर

रांची। राज्य में रविवार को चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ का असर देखने को मिलेगा। राज्य के कई स्थानों में रविवार से 31 मई तक गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने शनिवार को बताया कि 26 से 28 मई तक राज्य के उत्तर पूर्वी, दक्षिणी और मध्य भागों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इसका असर देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ जिलों में देखने को मिलेगा।इस दौरान गर्जन और तेज हवा का झोंका चलने के साथ वज्रपात संभव है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा होने की संभावना है।
आनंद ने बताया कि राज्य के कई जिलों में 26 मई से आंधी के साथ वज्रपात होने की संभावना है। राज्य के पूर्वी भाग में 28 मई को कहीं-कहीं गर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं चलेंगी। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा होने की संभावना है। वहीं, 28 से 31 मई तक राज्य के पूर्वी भागों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसका असर गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार जिले में देखने को मिलेगा। कई जिलों में 31 मई तक बारिश होती रहेगी।
हालांकि, अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अगले दो से तीन दिनों में तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। मौसम केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव 26 मई की सुबह तक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जायेगा। यह उत्तर-पूर्वी दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह तूफान 26 मई की आधी रात से 110 से 135 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेगा।

This post has already been read 545 times!

Sharing this

Related posts