विकसित भारत में किसानों का भी होगा महत्वपूर्ण योगदान।
पीएम की प्रेरणा से प्राकृतिक खेती की तरफ लौट रहे किसान।
रांची। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने डीबीटी के माध्यम से आज देश के किसानों को पीएम सम्मान निधि की 19वीं किस्त किसानों के खाते में हस्तांतरित की। इस दौरान किसान विकास केंद्र, रामकृष्ण मिशन, रांची में भी भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रमुख रूप से रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ मौजूद रहे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान, कृषि वैज्ञानिक और कृषि कार्यों में रुचि रखने वाले प्रबुद्धजन भी मौजूद रहे। रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने कहा कि किसान सम्मान निधि किसानों की समृद्धि के लिए है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश में चार वर्गों की बात की है, जिसमें प्रमुख वर्ग हमारे अन्नदाता किसान है। किसानों का ख्याल रखना, कृषि से जुड़ी उनकी जरूरत का ख्याल रखना, यह श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार कर रही है। इसी के तहत प्रतिवर्ष किसानों को सम्मान राशि के रूप में ₹6000 दिए जाते हैं ताकि कृषि कार्यों में उनकी जरूरतें पूरी हो सकें। इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री ने कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से उपजाए गए कृषि उत्पादों को भी देखा और इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र और रामकृष्ण मिशन के संयुक्त तत्वावधान में क्षेत्र के किसानों में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन आया है। किसान अब प्राकृतिक खेती की तरफ लौट रहे हैं, यह सुखद है। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसंधान का प्रतिफल है कि हमारे अन्नदाताओं की पैदावार में लगातार वृद्धि हो रही है। अभी कृषि में बहुत कुछ करना बाकी है ताकि भारत कृषि क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर हो सके। श्री सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जिस विकसित भारत की बात करते हैं, उसमें महत्वपूर्ण योगदान हमारे अन्नदाता किसानों का रहने वाला है। ऐसे में सरकार आपकी हर जरूरत का ख्याल रखेगी ताकि विकसित भारत के निर्माण में आपका महत्वपूर्ण योगदान मिल सके।
प्राकृतिक के साथ नई तकनीक से खेती करने वाले 5 किसान सम्मानित।
आज के कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती और इसके व्यापक प्रचार प्रसार के लिए अनगड़ा के किसान श्री संतोष बेदिया व दीपेंद्र बेदिया, मधुमक्खी पालन में उत्कृष्ट योगदान के लिए रातू के किसान मनरखन महतो, नई तकनीकी के द्वारा कृषि कर अपनी उपज में अप्रत्याशित वृद्धि प्राप्त करने वाली अनगड़ा की महिला किसान सोनी देवी व पार्वती देवी को रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने सम्मानित किया।
This post has already been read 310 times!